जयपुर: निकाय चुनाव के बीच RAS अधिकारियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है. स्टेट सिविल सर्विस से IAS में प्रमोशन के जरिए चयन के लिए UPSC में 23 सितंबर को शाम 4 बजे बोर्ड बैठक होने जा रही है. इस चयन समिति की बैठक में राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास भी शामिल होंगे. राजस्थान में स्टेट सिविल सेवा से आईएएस में प्रमोशन के जरिये चयन के कुल 18 रिक्त पद निर्धारित है.इन पदों को प्रमोशन के जरिए भरने के लिए चयन समिति विचार करेगी. बैठक में दावेदारों के साथ-साथ पूर्व में लंबित कुछ नामों से जुड़े सीलबंद लिफाफों पर भी विचार करके सिफारिश होने की संभावना है.
1998 बैच के RAS अधिकारियों की दावेदारी:
1998 बैच के अधिकारियों में मेघना चौधरी, ओमप्रकाश जैन, राजेश सिंह, मुकेश कुमार शर्मा, महेंद्र कुमार शर्मा, अंजू राजपाल, विवेक कुमार, मदनलाल नेहरा, दिनेश कुमार जांगिड़, पूनम प्रसाद सागर, उम्मेद सिंह और महावीर खराड़ी के नाम प्रमुखता से चर्चा में हैं. वहीं 1999 बैच से डॉ. भागचंद बधाल, असलम शेर खान और नरेंद्र कुमार बंसल के नाम भी दावेदारी में बताए जा रहे हैं.
आयु सीमा बनी कुछ अधिकारियों के लिए अड़चन:
दूसरी ओर 1998 बैच के भवानी सिंह पालावत, डॉ. बंशीधर कुमावत, परशुराम धानका, जयनारायण मीणा और डॉ. वृद्धिचंद गर्ग के नाम आयु सीमा के चलते चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाने की स्थिति में माना जा रहा है. इसी तरह 1999 बैच के रामलाल गुर्जर और डॉ. महेंद्र लोढ़ा भी आयु सीमा के चलते दायरे से बाहर बताए जा रहे हैं.
पुराने नामों के लिफाफों पर भी नजर:
सबसे अहम पहलू यह है कि बैठक में अरुण प्रकाश शर्मा, रामस्वरूप और गोपाल राम बिरदा से जुड़े पुराने नामों के लिफाफों पर भी विचार होने की संभावना है. इनमें खास तौर पर गोपाल राम बिरदा के नाम का लिफाफा खुलने की संभावना चर्चा में है. अब ब्यूरोक्रेसी के हलके में 23 सितंबर की UPSC चयन समिति की बैठक को लेकर निगाहें टिकी हुई हैं. बैठक के बाद यह साफ होगा कि राजस्थान के कितने RAS अधिकारियों को IAS में प्रमोशन का रास्ता मिलता है और लंबित नामों को लेकर क्या निर्णय होता है.