जयपुर: आगामी नगर निगम चुनाव जीतने के लिए रणनीति बनाने को आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुई बैठक में कांग्रेस के जयचंदों का मुद्दा उठा. पूर्व मंत्री प्रताप सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव में पार्टी को नुकसान पहुंचाने वालों का पार्षद का टिकट नहीं लेने दूंगा. वहीं पूर्व शहर अध्यक्ष और हवामहल से विधायक प्रत्याशी रहे आरआर तिवाड़ी ने कहा कि मुझे कांग्रेस के ही जयचंदों ने हराया. मालवीय नगर की अर्चना शर्मा ने भी विधानसभा चुनाव में हार की अपनी पीड़ा व्यक्त की. इन नेताओं ने कहा कि हमें भाजपा के साथ ही पार्टी के अंदर बैठे उन लोगों से भी सावधान रहना होगा, जो पार्टी को नुकसान पहुंचाते हैं.
राजस्थान में निकाय चुनाव की सुगबुगाहट के साथ ही कांग्रेस ने जीत की रणनीति बनानी शुरू कर दी है. जयपुर नगर निगम चुनाव के मद्देनजर आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में जयपुर शहर के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं व टिकट के दावेदारों की मीटिंग हुई. कार्यकर्ता संवाद के नाम पर प्रमुख नेताओं के भाषण हुए. प्रदेश कांग्रेस की सह प्रभारी पूनम पासवानी की मोजूदगी में हुए इस संवाद कार्यक्रम में जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा, विधायक रफीक खान, अमीन कागजी, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, पूर्व विधायक गंगादेवी, पुष्पेंद्र भारद्वाज व अभिषेक चौधरी सहित कई कांग्रेसी नेता व टिकट चाहने वाले कार्यकर्ता मौजूद रहे. इस बैठक में नेताओं ने निगम चुनाव जीतने के लिए कमर कसने का आह्वान किया, लेकिन साथ ही आशंका भी जताई कि पार्टी में मौजूद जयचंदों से नुकसान हो सकता है. ऐसे में जयचंदों से सावधान रहना होगा.
कांग्रेस की बैठक में गूंजा जयचंदों का मुद्दा
-कांग्रेस नेता आरआर तिवाड़ी व अर्चना शर्मा ने जाहिर की पीड़ा
-तिवाड़ी ने कहा - मुझे विधानसभा में कांग्रेस के जयचंदों ने हराया
-'कांग्रेस को भाजपा या आरएसएस नहीं हरा सकती'
-'कांग्रेस को हमेशा कांग्रेस के जयचंदों ने ही हराया है'
-पार्षद चुनाव में ऐसे लोगों को टिकट नहीं, जो पार्टी के खिलाफ थे
-बड़े नेताओं की सिफारिश आएगी, तो भी टिकट का विरोध होगा
वहीं पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि निगम चुनाव जीतने के लिए पार्टी एकजुट हैं, लेकिन पार्षद टिकट बंटवारे में ध्यान रखा जाएगा कि जिन लोगों ने विधानसभा या लोकसभा चुनाव में पार्टी के खिलाफ काम किया, उनको टिकट नहीं मिला. प्रताप सिंह ने कहा कि ऐसे लोग बड़ी सिफारिश भी लेकर आएंगे, तो उनकी नहीं चलने देंगे. उन्होंने कहा कि इस शहर में कांग्रेस के कई नेता ऐसे हैं, जो जयपुर में नजर नहीं आते, लेकिन प्रदेश व देश के अन्य हिस्सों में नजर आते हैं. विधायक रफीक खान, अमीन कागजी सहित कांग्रेस नेताओं ने भी जयपुर में कांग्रेस की जीत का दावा किया.
पीसीसी में हुई इस बैठक में करीब पांच सौ कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया. इस दौरान कार्यकर्ता अपने अपने क्षेत्र के नेताओं के पक्ष में नारेबाजी करते नजर आए. मंच से कहा गया कि कोई भी कार्यकर्ता किसी के व्यक्तिगत नारे नहीं लगाएंगे, वरना निकाय चुनाव टिकट पर संकट आ सकता है, लेकिन कार्यकर्ता कहां सुनने वाले थे. लगातार नारेबाजी होती रही. हालांकि ज्यादातर कार्यकर्ता वे थे, जो नगर निगम चुनाव में टिकट चाहते हैं. इनमें भी ज्यादातर लोग हवामहल, किशनपोल व आदर्श नगर क्षेत्र से आए थे. कांग्रेस नेताओं का दावा है कि सभी प्रमुख नेताओं की राय के आधार पर टिकट का वितरण होगा, तो जिताऊ को टिकट मिले और जयपुर में कांग्रेस का मेयर बन सके. कांग्रेस का टारगेट 150 में से 80 सीट जीतने का है.