
जयपुर: राजस्थान में पंचायत समिति प्रधान पद के चुनाव में कई जगह कांग्रेस प्रत्याशियों ने निर्विरोध जीत दर्ज की है. हनुमानगढ़ की रावतसर, सिरोही की शिवगंज, झुंझुनूं की सिंघाना और खैरथल-तिजारा की किशनगढ़बास पंचायत समिति में कांग्रेस की महिला प्रत्याशी निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुई हैं.
रावतसर में लगातार चौथी बार महिला बनीं प्रधान:
हनुमानगढ़ जिले की रावतसर पंचायत समिति में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है. ढाणी मालू बिजारणियां निवासी सुरभि मोहनलाल निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुई हैं. उनके निर्वाचन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है. खास बात यह है कि लगातार चौथी बार रावतसर पंचायत समिति के प्रधान पद पर महिला आसीन हुई हैं. जिले में रावतसर पंचायत समिति का निर्विरोध निर्वाचन भी चर्चा का विषय बना हुआ है.
दीवान कंवर दहिया के सिर सजा प्रधान का ताज:
सिरोही जिले की शिवगंज पंचायत समिति में कांग्रेस ने निर्विरोध जीत दर्ज की है. कांग्रेस प्रत्याशी दीवान कंवर दहिया निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुई हैं. उनके निर्वाचन के बाद कांग्रेस खेमे में खुशी का माहौल है.
सिंघाना में कांग्रेस की पूनम बनीं निर्विरोध प्रधान:
झुंझुनूं जिले की सिंघाना पंचायत समिति में कांग्रेस प्रत्याशी पूनम निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुई हैं. प्रधान पद के लिए केवल एक ही नामांकन दाखिल हुआ. निर्वाचन के बाद रिटर्निंग अधिकारी बाबूलाल ने पूनम को पद की शपथ दिलाई. उनकी जीत से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है.
किशनगढ़बास में पहली बार मेव समाज से बनीं प्रधान:
खैरथल-तिजारा जिले की किशनगढ़बास पंचायत समिति में कांग्रेस प्रत्याशी शकुनत खान निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुई हैं. पंचायत समिति के इतिहास में पहली बार मेव समाज से किसी महिला की प्रधान पद पर ताजपोशी हुई है. शकुनत खान के निर्विरोध निर्वाचन से कांग्रेस समर्थकों में उत्साह का माहौल है.