
अजमेर/जैसलमेर: राजस्थान में पंचायत समिति प्रधान पद के चुनाव में दिलचस्प सियासी समीकरण देखने को मिल रहे हैं. जैसलमेर की भणियाणा पंचायत समिति में कांग्रेस ने बड़ा सियासी उलटफेर करते हुए निर्विरोध जीत दर्ज की है. कांग्रेस प्रत्याशी एडवोकेट अब्दुल रहमान निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुए हैं. प्रधान पद के लिए उनके सामने किसी अन्य प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया.
बहुमत नहीं होने के बावजूद कांग्रेस की जीत:
15 सदस्यीय भणियाणा पंचायत समिति में कांग्रेस के पास महज 7 सदस्य थे. वहीं, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) के 4, भाजपा के 2 और 2 निर्दलीय सदस्य थे. ऐसे में बहुमत नहीं होने के बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी का निर्विरोध निर्वाचन सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है. भणियाणा पंचायत समिति में कांग्रेस ने पहली बार निर्विरोध जीत दर्ज की है.
कांग्रेस खेमे में जश्न का माहौल:
अब्दुल रहमान के निर्विरोध प्रधान निर्वाचित होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई. समर्थकों ने आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया. इस दौरान कांग्रेस नेता बरकत खान बांधेवा, पीसीसी सदस्य रणवीर सिंह गोदारा, राजेंद्र जाखड़ और भोमसिंह भणियाणा सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे.
अजमेर की बड़ल्या और पीसांगन में भाजपा की जीत:
वहीं, अजमेर जिले की बड़ल्या पंचायत समिति में भाजपा ने प्रधान पद पर कब्जा जमाया है. भाजपा प्रत्याशी श्रवण सिंह रावत निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुए हैं. इसके अलावा पीसांगन पंचायत समिति में भी भाजपा को सफलता मिली है. यहां भाजपा प्रत्याशी मंजू प्रधान निर्वाचित हुई हैं. दोनों पंचायत समितियों में जीत के साथ भाजपा खेमे में खुशी का माहौल है.