11वीं तक पढ़ाई और बन बैठा MD डॉक्टर! फर्जी डिग्रियों के सहारे मरीजों की जान से खिलवाड़, चौंकाने वाला खुलासा, जानिए पूरा मामला

राजस्थान में डॉक्टरों की डिग्रियों और मेडिकल रजिस्ट्रेशन से जुड़ा ऐसा फर्जीवाड़ा सामने आया है, जिसे जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे. महज 11वीं पास एक शख्स MBBS, MD और DMRD जैसी डिग्रियां हासिल कर डॉक्टर बन गया. इतना ही नहीं, राजस्थान मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन
विस्तार में

जयपुर (सत्यनारायण शर्मा): राजस्थान में डॉक्टरों की डिग्रियों और मेडिकल रजिस्ट्रेशन से जुड़ा ऐसा फर्जीवाड़ा सामने आया है, जिसे जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे. महज 11वीं पास एक शख्स MBBS, MD और DMRD जैसी डिग्रियां हासिल कर डॉक्टर बन गया. इतना ही नहीं, राजस्थान मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन करवाकर अस्पतालों में मरीजों का इलाज करने लगा. दिल्ली में गायनेकोलॉजिस्ट बनकर अल्ट्रासाउंड तक कर रहा था. एसओजी ने चार राज्यों में फैले इस नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

फर्जी डॉक्टर बनाने का यह पूरा खेल चार राज्यों में फैला हुआ था. मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली तक इस गिरोह का नेटवर्क फैला था. गिरोह के सदस्य फर्जी मेडिकल डिग्रियां तैयार करवाते, फिर विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर उन्हें ऑनलाइन अपलोड करवाते थे. इसके बाद इन्हीं डिग्रियों के आधार पर मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन करवाकर
लोगों को डॉक्टर बना दिया जाता था. एसओजी की जांच में सामने आया कि गिरोह MBBS, MD गायनेकोलॉजी और DMRD जैसी मेडिकल डिग्रियां उपलब्ध करवाता था. इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला नाम रामकिशोर महावर का सामने आया है. रामकिशोर  महावर महज 11वीं पास है.

पहले वह अस्पताल में वार्ड बॉय और नर्सिंग से जुड़ा काम करता था. इसी दौरान उसे मेडिकल डिग्रियों के दस्तावेजों की जानकारी मिली और उसने फर्जी डिग्री तैयार करवाने वाले
नेटवर्क से संपर्क किया. सिक्किम की एक यूनिवर्सिटी के नाम से MBBS और MD की फर्जी डिग्रियां हासिल कीं. इतना ही नही शातिर में महाराष्ट्र की एक सरकारी मेडिकल कॉलेज की डिग्री भी बनवा ली.इन दस्तावेजों के आधार पर राजस्थान मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन भी करवा लिया. इसके बाद रामकिशोर डॉक्टर बनकर अस्पतालों में काम करने लगा.एसओजी की जांच में सामने आया कि रामकिशोर ने दिल्ली के अस्पतालों में भी डॉक्टर के रूप में काम किया. गायनेकोलॉजी विशेषज्ञ बनकर अल्ट्रासाउंड करने लगा। आरोपी के बारे में जानकारी सामने आई है कि वह रोजाना 15 से 20 सोनोग्राफी तक कर रहा था. इसके बाद उसने और डिग्रियां हासिल करने के लिए गिरोह के दूसरे सदस्यों से संपर्क किया.

एसओजी की जांच में सामने आया कि इस गिरोह में हर आरोपी की अलग-अलग जिम्मेदारी थी. सत्यजीत पाणिग्रही फर्जी डिग्रियां उपलब्ध करवाने वाले नेटवर्क का मुख्य व्यक्ति बताया जा रहा है. मनीष मांझी फर्जी मार्कशीट, डिग्री और डिप्लोमा तैयार करवाता था. खुर्रम तौफीक विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर फर्जी डिग्रियों को ऑनलाइन दिखाने का काम करता था. इसके लिए अलग-अलग विश्वविद्यालयों की वेबसाइट तक पहुंच बनाकर डिग्रियों को इस तरह अपलोड करवाया जाता था कि मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन के दौरान दस्तावेज असली दिखाई दें. फर्जी डिग्रियों के लिए म्यूल बैंक खातों के जरिए पैसों का लेनदेन भी किया जाता था.

एसओजी ने कार्रवाई करते हुए चारो आरोपियों को गिरफ्तार किया है रामकिशोर महावर, सत्यजीत पाणिग्रही, मनीष मांझी और खुर्रम तौफीक को गिरफ्तार किया गया है. सत्यजीत को मुंबई, मनीष को मध्य प्रदेश के ग्वालियर और खुर्रम को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया. जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क अब तक करीब 200 से 300 लोगों को डॉक्टर और अन्य शैक्षणिक डिग्रियां उपलब्ध करवा चुका है. इस पूरे खेल में 15 लाख रुपए से अधिक की रकम लेने की जानकारी भी सामने आई है.

एसओजी अब उन विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और मेडिकल काउंसिल के रजिस्ट्रेशन की भी जांच कर रही है, जिनके नाम का इस्तेमाल इस फर्जीवाड़े में किया गया. एसओजी को आशंका है कि इस नेटवर्क में अभी कई और लोग शामिल हो सकते हैं. फर्जी डिग्रियों के आधार पर डॉक्टर बनकर मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वालों की पहचान की जा रही है. जांच का दायरा बढ़ने के साथ इस फर्जीवाड़े में कई और बड़े खुलासे होने की संभावना है.