37 में से 25 उप जिला प्रमुख कांग्रेस के, फिर भी अपनों पर भरोसा नहीं! दो दिन में 48 वोटों की क्रॉस वोटिंग से मचा सियासी घमासान

जिला प्रमुख के बाद आज उप जिला प्रमुख के भी रिजल्ट आ गए. कांग्रेस 37 में से 25 उप जिला प्रमुख बनाने में कामयाब रही. डीग, डीडवाना-कुचामन  और चूरू जैसे जिलों में कल भले ही कांग्रेस अपने जिला प्रमुख नहीं बना पाई थी लेकिन आज तीनों जगह कांग्रेस के उप जिला प्रमुख बन गए.
विस्तार में

जयपुर: जिला प्रमुख के बाद आज उप जिला प्रमुख के भी रिजल्ट आ गए. कांग्रेस 37 में से 25 उप जिला प्रमुख बनाने में कामयाब रही. डीग, डीडवाना-कुचामन  और चूरू जैसे जिलों में कल भले ही कांग्रेस अपने जिला प्रमुख नहीं बना पाई थी लेकिन आज तीनों जगह कांग्रेस के उप जिला प्रमुख बन गए. 

राजस्थान में जिला प्रमुख के बाद आज उप जिला प्रमुख के चुनाव हुए. चुनाव संपन्न होते ही तुरंत बाद सभी 37 उप जिला प्रमुख चुनाव के रिजल्ट भी आ गए. आज आए उप जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस के लिए कई जिलों से राहत की खबर आई. क्योंकि कल कुछ जगह बहुमत होने और ज्यादा सीट आने के बावजूद कांग्रेस जिला प्रमुख नहीं बना पाई थी. लेकिन आज कांग्रेस ऐसे तीन जिलों में अपने उप जिला प्रमुख बनाने में कामयाब रही.

उप जिला प्रमुख चुनाव का रिजल्ट
-37 में से कांग्रेस के बने 25 उप जिला प्रमुख
-कांग्रेस के चार उप जिला प्रमुख चुने गए निर्विरोध
-अलवर,जैसलमेर,दौसा और धौलपुर में बने निर्विरोध उप प्रमुख
-कांग्रेस आज डीग,डीडवाना-कुचामन और चूरू में उप प्रमुख बनाने में रही सफल
-जबकि कल इन तीनों जिलों में कांग्रेस के नहीं बने थे जिला प्रमुख
-वहीं ब्यावर और सलूंबर में आज कांग्रेस के नहीं बने उप प्रमुख
-कल ब्यावर और सलूंबर में जबकि बने थे कांग्रेस के जिला प्रमुख
-वहीं उप जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस खेमे से हुए आज केवल 8 वोट क्रॉस
-कल कांग्रेस के हुए थे टोटल 40 वोट क्रॉस
-कांग्रेस के कल बने थे 37 में से 24 जिला प्रमुख 
-ऐसे में कांग्रेस का जिला प्रमुख से एक ज्यादा उप जिला प्रमुख बना

कुल मिलाकर चूरू में कल बड़े उलटफेर से सकते में आई कांग्रेस ने आज उप जिला प्रमुख चुनाव की जंग में अपना हिसाब पूरा कर दिया. वहीं आज क्रॉस वोटिंग के मामले में भी कांग्रेस के लिए राहत की खबर रही. कल जिला प्रमुख के चुनाव के मुकाबले आज कांग्रेस खेमे से केवल 8 वोट क्रॉस हुए. जबकि कल 12 जिलों में कांग्रेस खेमे से 40 वोट क्रॉस हुए थे. इस तरह उप जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस ने काफी हद कल के मुकाबले डैमेज कंट्रोल किया.

कुल मिलाकर कांग्रेस के राजस्थान में 24 जिला प्रमुख और 25 उप जिला प्रमुख हो गए है. अब कल प्रधान और उप प्रधान पद के लिए मतदान होगा. अब शेष चार जिलों के अगले माह रिजल्ट आएंगे. ऐसे में देखते है उन जिलों में फिर कांग्रेस का क्या स्कोर रहता है. कुल मिलाकर पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने शानदार सफलता हासिल की है.