राजस्थान प्रधान चुनाव: जसरासर में पति सरपंच तो पत्नी बनीं प्रधान, कई पंचायत समितियों में निर्विरोध निर्वाचन

राजस्थान में पंचायत समिति प्रधान पद के चुनाव में दिलचस्प सियासी समीकरण देखने को मिल रहे हैं. प्रदेश की कई पंचायत समितियों में प्रधान पद पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है. नवगठित पंचायत समितियों में भी पहली बार प्रधान चुने गए हैं. राजसमंद की चारभुजा पंचायत समिति में भाजपा ने
विस्तार में

जयपुर: राजस्थान में पंचायत समिति प्रधान पद के चुनाव में दिलचस्प सियासी समीकरण देखने को मिल रहे हैं. प्रदेश की कई पंचायत समितियों में प्रधान पद पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है. नवगठित पंचायत समितियों में भी पहली बार प्रधान चुने गए हैं. राजसमंद की चारभुजा पंचायत समिति में भाजपा ने जीत दर्ज की है, जबकि उदयपुरवाटी, पचेवर, जसरासर और हदां में कांग्रेस के प्रत्याशी निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुए हैं.

चारभुजा पंचायत समिति को मिला पहला प्रधान:
राजसमंद जिले की नवगठित चारभुजा पंचायत समिति में भाजपा के गोपी लाल भील निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुए हैं. गोपी लाल भील ने पंचायत समिति के पहले प्रधान बनकर इतिहास रच दिया है. उनके निर्विरोध निर्वाचन के बाद भाजपा खेमे में खुशी का माहौल है.

उदयपुरवाटी में कांग्रेस की निर्विरोध जीत:
झुंझुनूं जिले की उदयपुरवाटी पंचायत समिति में कांग्रेस के फूलचंद सैनी निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुए हैं.

पचेवर पंचायत समिति में बना कांग्रेस का बोर्ड:
टोंक जिले के मालपुरा क्षेत्र की नवगठित पचेवर पंचायत समिति में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है. कांग्रेस प्रत्याशी मनोहर देवी निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुई हैं. सुबह 11 बजे तक प्रधान पद के लिए केवल मनोहर देवी का ही नामांकन दाखिल हुआ था.

जसरासर में पति-पत्नी की दोहरी राजनीतिक सफलता:
बीकानेर जिले के नोखा क्षेत्र की नवसृजित जसरासर पंचायत समिति में कांग्रेस की गीता देवी तरड़ निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुई हैं. खास बात यह है कि उनके पति रामनिवास तरड़ वर्तमान में सरपंच हैं. अब पत्नी के प्रधान बनने के साथ ही पति-पत्नी की जोड़ी ने जसरासर में दोहरी राजनीतिक सफलता हासिल की है.

हदां में ममता मेघवाल बनीं निर्विरोध प्रधान:
बीकानेर जिले की हदां पंचायत समिति से कांग्रेस की ममता मेघवाल निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुई हैं. हदां पूर्व मंत्री भंवर सिंह भाटी का पैतृक गांव है. ममता मेघवाल पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता रूपाराम मेघवाल की पुत्रवधू हैं. प्रदेश की कई पंचायत समितियों में निर्विरोध निर्वाचन के साथ ही स्थानीय स्तर पर नए राजनीतिक समीकरण सामने आए हैं. वहीं, नवगठित पंचायत समितियों को भी अपना पहला नेतृत्व मिल गया है.