
नई दिल्ली: गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के भारतीय भाषा एवं साहित्य विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. प्रियंका सिंह ने स्विट्जरलैंड के जिनेवा स्थित संयुक्त राष्ट्र कार्यालय में आयोजित 10वें 1M1B इम्पैक्ट समिट में भारत और विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया. उन्होंने हिंदी भाषा, साहित्य, भारतीय सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं पारिस्थितिकीय स्थिरता के महत्व को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया.
वन मिलियन फॉर वन बिलियन (1M1B) फाउंडेशन की ओर से 21 नवंबर को पैलेस ऑफ नेशंस में आयोजित इस समिट के अंतर्गत ‘धरती, भाषा और विरासत’ विषय पर विशेष सत्र हुआ. इसमें डॉ. प्रियंका सिंह ने बताया कि भारतीय भाषाओं, साहित्य और सांस्कृतिक परंपराओं में प्रकृति के संरक्षण और मानव-प्रकृति के सह-अस्तित्व की गहरी चेतना मौजूद है.
उन्होंने हिंदी साहित्य के माध्यम से प्रकृति के प्रति भारतीय दृष्टिकोण को प्रस्तुत करते हुए कहा कि पर्यावरण केवल भौतिक संसाधन नहीं, बल्कि जीवनदायिनी और मातृवत शक्ति है. मनुष्य और प्रकृति का संबंध वर्चस्व का नहीं, बल्कि परस्पर निर्भरता और सह-अस्तित्व का है. डॉ. सिंह ने सुमित्रानंदन पंत, जयशंकर प्रसाद, महादेवी वर्मा और जैसंती करकेटा जैसे साहित्यकारों की रचनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि हिंदी साहित्य में प्रकृति केवल सौंदर्य वर्णन का विषय नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं, आध्यात्मिकता और आत्मचिंतन से जुड़ी हुई है.
उन्होंने बिहू, बसंत पंचमी, ओणम और लोहड़ी जैसे भारतीय त्योहारों का उदाहरण देते हुए बताया कि भारतीय सांस्कृतिक परंपराएं कृषि चक्र और प्रकृति के साथ गहराई से जुड़ी हैं. पीपल, बरगद और तुलसी जैसे वृक्षों के साथ नदियों और जीव-जंतुओं को धार्मिक एवं सांस्कृतिक मान्यताओं से जोड़कर उनके संरक्षण की सामाजिक व्यवस्था विकसित की गई. प्रस्तुति में आदिवासी समुदायों की पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों और ऑस्ट्रेलिया के एबोरिजिनल समुदायों के प्रकृति से जुड़ाव को भी रेखांकित किया गया. महुआ वृक्ष और चिपको आंदोलन के उदाहरणों के माध्यम से उन्होंने प्रकृति से उतना ही ग्रहण करने का संदेश दिया, जितना वह स्वयं प्रदान करती है.
डॉ. सिंह ने बौद्ध दर्शन के मध्यम मार्ग का उल्लेख करते हुए प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने की आवश्यकता बताई. उन्होंने कहा कि वृक्ष, नदियां, मिट्टी, वर्षा, पशु-पक्षी और मनुष्य एक-दूसरे पर निर्भर हैं. इनमें से किसी एक घटक का संतुलन बिगड़ने से पूरी पारिस्थितिकी प्रभावित होती है. उन्होंने रामवृक्ष बेनीपुरी की रचना ‘गेहूं और गुलाब’ के माध्यम से भौतिक आवश्यकताओं और जीवन के सौंदर्य एवं संवेदनात्मक पक्ष के बीच संतुलन की आवश्यकता भी समझाई. साथ ही जल एवं बिजली की बचत, प्लास्टिक के उपयोग में कमी, सार्वजनिक परिवहन, साइकिल के प्रयोग और वृक्षारोपण जैसे छोटे प्रयासों को पर्यावरण संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण बताया.
डॉ. प्रियंका सिंह ने पर्यावरण संरक्षण में विद्यार्थियों और युवाओं की भूमिका पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि विद्यालयों और विश्वविद्यालयों में पर्यावरण जागरूकता, पर्यावरणीय साक्षरता और सतत विकास लक्ष्यों से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देना चाहिए, ताकि पर्यावरणीय चेतना बचपन से ही विकसित हो सके.
इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी सहभागिता के लिए डॉ. सिंह ने गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह, कुलसचिव प्रो. चंदर कुमार सिंह, अधिष्ठाता अकादमिक प्रो. राजीव वार्ष्णेय और अधिष्ठाता शोध एवं नियोजन प्रो. धनलक्ष्मी के प्रति आभार व्यक्त किया. वहीं, मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता प्रो. माधव गोविंद, लॉ स्कूल के अधिष्ठाता डॉ. केके द्विवेदी और विभागाध्यक्ष डॉ. सतीश चंद्रा ने उन्हें शुभकामनाएं दीं.
जिनेवा में आयोजित इस समिट में विभिन्न देशों के युवा परिवर्तनकारी, शिक्षाविद् और विचारकों ने जलवायु कूटनीति, प्रौद्योगिकी, समावेशी विकास और सतत विकास जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया. डॉ. प्रियंका सिंह की सहभागिता के माध्यम से भारतीय हिंदी साहित्य, सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक ज्ञान को वैश्विक पर्यावरणीय विमर्श से जोड़ने का अवसर मिला.
DISCLAIMER: The above press release has been provided by the agency. First India will not be responsible in any way for the content of the same. The story has come from an agency and has not been edited by the First India Staff