
जैसलमेर: राजस्थान के जैसलमेर जिले में पंचायती राज चुनाव के तहत पंचायत समिति प्रधानों के चुनाव में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम किया है. जिले की 10 पंचायत समितियों में से 9 पर कांग्रेस के प्रत्याशियों ने प्रधान पद पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा महज एक पंचायत समिति में अपना प्रधान बनाने में सफल रही. चुनाव परिणामों ने जिले में कांग्रेस की मजबूत स्थिति को सामने ला दिया, वहीं मोहनगढ़ पंचायत समिति में क्रॉस वोटिंग ने राजनीतिक चर्चाओं को भी गर्म कर दिया है.प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस ने भणियाणा, फतेहगढ़, जैसलमेर, खुहड़ी, नाचना, राजमथाई, रामदेवरा, रामगढ़ और सांकड़ा पंचायत समितियों में जीत दर्ज की. वहीं मोहनगढ़ पंचायत समिति में भाजपा ने जीत हासिल कर कांग्रेस के विजय अभियान को एक सीट पर रोक दिया.
भणियाणा में निर्विरोध चुनाव, फतेहगढ़ में उमा राठौड़ विजयी
भणियाणा पंचायत समिति में कांग्रेस के अब्दुल रहमान निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुए. वहीं फतेहगढ़ पंचायत समिति में कांग्रेस की उमा राठौड़ ने जीत दर्ज की. फतेहगढ़ में कांग्रेस को 12 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 3 वोट प्राप्त हुए. यहां कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत के साथ प्रधान पद अपने नाम किया.
जैसलमेर में अशोक कुमार भील के सिर सजा जीत का ताज
जैसलमेर पंचायत समिति में कांग्रेस के अशोक कुमार भील प्रधान निर्वाचित हुए. उन्हें 12 वोट मिले, जबकि भाजपा की रेखा को 2 वोट और निर्दलीय भगवानाराम को 1 वोट मिला. इस परिणाम के साथ जैसलमेर पंचायत समिति में कांग्रेस ने अपना कब्जा बरकरार रखा.
खुहड़ी, रामदेवरा और सांकड़ा में भी कांग्रेस का परचम
खुहड़ी पंचायत समिति में कांग्रेस की सलीमत ने भाजपा की अमीषा राठौड़ को तीन वोटों से पराजित किया. सलीमत को 9 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 6 वोट प्राप्त हुए. रामदेवरा पंचायत समिति में कांग्रेस की कुसुम्बी देवी ने जीत दर्ज की. उन्हें 12 वोट मिले, जबकि भाजपा को 3 वोट प्राप्त हुए. वहीं सांकड़ा पंचायत समिति में कांग्रेस के धर्मवीर सिंह प्रधान निर्वाचित हुए. धर्मवीर सिंह को 10 वोट मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी के पक्ष में 5 वोट पड़े.
रामगढ़ में नवगठित पंचायत समिति पर कांग्रेस का कब्जा
नवगठित रामगढ़ पंचायत समिति में भी कांग्रेस ने अपना खाता जीत के साथ खोला. कांग्रेस की लक्ष्मी देवी ने भाजपा की पेम्पों देवी को पराजित कर प्रधान पद हासिल किया. लक्ष्मी देवी को 10 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 4 वोट प्राप्त हुए. रामगढ़ में कांग्रेस की जीत को पंचायत समिति के नए राजनीतिक नेतृत्व के लिहाज से अहम माना जा रहा है.
नाचना और राजमथाई में भी कांग्रेस की जीत
नाचना पंचायत समिति में कांग्रेस की सतबाई प्रधान निर्वाचित हुईं. यहां कांग्रेस को 11 वोट मिले, जबकि भाजपा के खाते में 4 वोट आए. राजमथाई पंचायत समिति में कांग्रेस के छत्ताराम कुमावत ने प्रधान पद पर जीत दर्ज कर पार्टी का विजय अभियान आगे बढ़ाया.
मोहनगढ़ में भाजपा की जीत, क्रॉस वोटिंग से कांग्रेस को झटका
10 पंचायत समितियों में कांग्रेस की 9 जीत के बीच मोहनगढ़ पंचायत समिति में भाजपा ने जीत दर्ज की. यहां भाजपा की टीबी प्रधान निर्वाचित हुईं. चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग होने की बात सामने आई, जिसके चलते कांग्रेस का एक वोट भाजपा के खाते में चला गया. इस घटनाक्रम ने कांग्रेस खेमे में नाराजगी पैदा कर दी है और चुनाव परिणाम के बाद पार्टी के भीतर कार्रवाई की चर्चा शुरू हो गई है.
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने चुनाव में जनता के समर्थन के लिए आभार जताते हुए कहा कि जिले में पार्टी को व्यापक समर्थन मिला है. उन्होंने मोहनगढ़ में हुई क्रॉस वोटिंग को गंभीरता से लेते हुए कहा कि इस मामले में कार्रवाई की जाएगी. जैसलमेर जिले में प्रधान पदों के चुनाव के परिणाम ने पंचायत स्तर पर कांग्रेस की मजबूत पकड़ को जाहिर कर दिया है. 10 में से 9 पंचायत समितियों में जीत के साथ कांग्रेस ने ग्रामीण राजनीति में अपनी ताकत का प्रदर्शन किया है, जबकि भाजपा मोहनगढ़ की जीत के सहारे जिले में अपना प्रतिनिधित्व कायम रखने में सफल रही.