
जयपुर: राजस्थान में पंचायत चुनाव के तहत आज 22 नवंबर को प्रदेश के 11 जिलों के कुल 28 मतदान बूथों पर पुनर्मतदान (री-पोल) कराया जाएगा. जिला परिषद के 6 निर्वाचन क्षेत्रों और पंचायत समिति के 22 निर्वाचन क्षेत्रों में दोबारा मतदान होगा. इसके लिए संबंधित क्षेत्रों में निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर तैयारियां की गई हैं.
पुनर्मतदान धौलपुर, जोधपुर, सवाई माधोपुर, जैसलमेर, फलोदी, बूंदी, कोटपूतली-बहरोड़, डीग, खैरथल-तिजारा, अलवर और जयपुर जिलों में कराया जाएगा. इनमें जयपुर जिले में सर्वाधिक 6 मतदान बूथों पर दोबारा वोट डाले जाएंगे.
किस जिले में कितने बूथों पर होगा पुनर्मतदान?
जिलेवार पुनर्मतदान की स्थिति इस प्रकार है:
धौलपुर: राजाखेड़ा क्षेत्र के 2 मतदान बूथों पर री-पोल होगा.
जोधपुर: बालोतरा क्षेत्र के 2 बूथों पर पुनर्मतदान कराया जाएगा.
सवाई माधोपुर: बामनवास, खंडार और बौंली में कुल 3 बूथों पर दोबारा मतदान होगा.
जैसलमेर: मोहनगढ़ के 1 मतदान बूथ पर री-पोल होगा.
फलोदी: फलोदी और घंटियाली क्षेत्र के 2 बूथों पर पुनर्मतदान होगा.
बूंदी: केशोरायपाटन के 3 बूथों पर दोबारा वोट डाले जाएंगे.
कोटपूतली-बहरोड़: नारायणपुर और पावटा के 4 बूथों पर री-पोल होगा.
डीग: बृजनगर और डीग क्षेत्र के 2 बूथों पर पुनर्मतदान कराया जाएगा.
खैरथल-तिजारा: ततारपुर के 1 बूथ पर दोबारा मतदान होगा.
अलवर: थानागाजी और गोविंदगढ़ के 2 बूथों पर री-पोल कराया जाएगा.
जयपुर: जिला परिषद क्षेत्र के साथ दूदू, चौमूं और शाहपुरा में कुल 6 बूथों पर पुनर्मतदान होगा.
जयपुर में सबसे ज्यादा 6 बूथों पर री-पोल:
जिलेवार आंकड़ों के अनुसार जयपुर में सबसे अधिक 6 मतदान बूथों पर पुनर्मतदान कराया जाएगा. इसके बाद कोटपूतली-बहरोड़ में 4, सवाई माधोपुर और बूंदी में 3-3 बूथों पर मतदाता दोबारा अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे.