जयपुर: राजधानी के उत्तरी छोर को दक्षिणी छोर से जोड़ने वाली द्रव्यवती नदी के किनारे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की शुरूआत कर दी गई है. सबसे पहले प्रताप नगर में हल्दीघाटी मार्ग के सामने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण ने निविदा जारी कर दी है.
जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने सभी अभियंताओं से अपने-अपने इलाके में द्रव्यवती नदी के दोनों तरफ और अन्य स्थानों पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए थे. सनसिटी सीकर रोड,लिलीपूल टोंक रोड,स्वर्ण विहार योजना,सेंट्रल स्पाइन जगतपुरा,जवाहर सर्किल में रोज गार्डन के पास,मॉर्डन स्कूल शिप्रा पथ के पास और प्रताप नगर में हल्दीघाटी मार्ग के सामने कुल सात स्थानों पर भूमि चिन्हित की गई. सबसे पहले पहले प्रताप नगर में हल्दीघाटी मार्ग के सामने स्थित सड़क पर द्रव्यवती नदी के किनारे चिन्हित 14 हजार वर्गमीटर भूमि पर पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने का फैसला किया गया. पिछले दिनों जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में जेडीए की कार्यकारी समिति की बैठक हुई थी. बैठक में यहां स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की निविदा जारी करने के लिए निविदा प्रपत्र का अनुमोदन किया गया. इसके बाद जेडीए की ओर से कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए निविदा जारी कर दी गई है.
- इस प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की लागत करीब आठ करोड़ रुपए है
-इस लागत की 85 प्रतिशत राशि जेडीए वहन करेगा
-जबकि 15 प्रतिशत राशि निविदा में चयनित फर्म वहन करेगी
-अनुबंधित फर्म ही प्रोजेक्ट की प्लानिंग,डिजाइन,डवलपमेंट और निर्माण का काम करेगी
-स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण के बाद उसके संचालन और रखरखाव का काम भी यही फर्म करेगी
-यह फर्म पांच साल तक कॉम्प्लेक्स का संचालन और रखरखाव करेगी
-जेडीए की स्वीकृति से इसे दो साल के लिए और बढ़ाया जा सकेगा
-कॉम्प्लेक्स में विभिन्न खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के बदले लिया जाने वाला शुल्क फर्म ही वसूलेगी
-वसूली गई राशि में से जेडीए की हिस्सेदारी कितनी रहेगी,उसी आधार पर निविदा जारी की गई है
-जो फर्म सबसे ज्यादा हिस्सेदारी जेडीए को देने का प्रस्ताव देगी,उसी फर्म का निविदा में चयन होगा
-फर्म अपनी मर्जी से चाहे तो निविदा में निर्धारित सुविधाओं के अलावा भी अन्य खेल सुविधाएं विकसित कर सकेगी
-लेकिन फर्म को इसके लिए जेडीए की स्वीकृति लेनी होगी
-यह पहली बार है जब जेडीए इस मॉडल पर इस तरह स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निर्माण करेगा
-निविदा में भाग लेने के लिए फर्म के लिए यह जरूरी होगा कि उसके पास इस तरह के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स,
-रिक्रिएशनल फैसिलिटी,कम्युनिटी स्पोर्ट्स फैसिलिटी आदि के संचालन व रखरखाव का न्यूनतम 3 वर्ष का अनुभव हो
-इसी तरह फर्म के लिए यह भी जरूरी होगा कि पिछले पांच वर्ष में उसने इस तरह के कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया हो
-कार्यादेश मिलने के छह माह के भीतर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्मित करना होगा
-निविदा प्राप्ति की अंतिम तिथि 13 अगस्त है, 19 अगस्त को तकनीकी निविदा खोली जाएगी
जेडीए की ओर से विकसित किए जा रहे इस प्रोजेक्ट में विभिन्न खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी. इन सुविधाओं का उपयोग के लिए संबंधित लोगों को शुल्क भी देना होगा. इसलिए शुल्क के निर्धारण के लिए जेडीए ने संबंधित अधिकारियों की एक कमेटी बनाई. कमेटी ने मामले में बाजार दर का अध्ययन के बाद अपनी सिफारिशें सौंपी. जेडीए ने इन सिफारिशों को अपनी मंजूरी दे दी है. इन्हीं के मुताबिक इस प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शुल्क निर्धारित किया है. आपको बताते हैं इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में कौनसी खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी और इन सुविधाओं का उपयोग करने के लिए आमजन को कितनी राशि देनी होगी-
-स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चार पिकल बॉल कोर्ट,एक टेनिस कोर्ट,एक स्केटिंग रिंक,एक बॉक्स किक्रेट,
-एक बॉक्स फुटबॉल,चिल्ड्रन एक्टिविटी जोन,ओपन इवेंट लॉन,फूड कोर्ट/कैफेटेरिया,
-एडमिन बिल्डिंग,पार्किंग एरिया,लैड स्कैपिंग,लाइटिंग,सीसीटीवी सर्विसलांस सिस्टम आदि विकसित किए जाएंगे
-प्रति घंटा टेनिस कोर्ट या पिकल बॉल कोर्ट में खेलने के लिए 600 रुपए देने होंगे
-बॉक्स क्रिकेट एरेना में खेलने के लिए आमजन को प्रति घंटा 1750 रुपए देने होंगे
-बॉक्स फुटबॉल एरेना में खेलने के लिए आमजन को प्रति घंटा 1750 रुपए देने होंगे