
जयपुर: भारतीय शेयर बाजार में तेजी ने निवेशकों के चेहरों पर रौनक लौटा दी है. पिछले सप्ताह बाजार में जोरदार खरीदारी देखने को मिली, जिसके चलते सेंसेक्स 2300 अंक से ज्यादा उछल गया, जबकि निफ्टी 25,500 के स्तर के पार पहुंच गया. बाजार की इस मजबूती को देखते हुए अब सेंसेक्स के जल्द 85 हजार और निफ्टी के 26,300 के स्तर तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है.
शेयर बाजार को विदेशी निवेशकों की वापसी और घरेलू संस्थागत निवेशकों की लगातार खरीदारी से मजबूत सहारा मिला है. खास बात यह है कि वैश्विक बाजारों में AI शेयरों की तेजी कुछ सुस्त पड़ने के बीच विदेशी पूंजी का रुख भारतीय बाजारों की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है. इससे घरेलू शेयर बाजार में निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है.
सस्ते कच्चे तेल और बैंकिंग शेयरों ने बढ़ाई बाजार की ताकत:
बाजार में तेजी के पीछे सस्ते कच्चे तेल और बैंकिंग शेयरों का अहम योगदान रहा. कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से भारतीय अर्थव्यवस्था और कंपनियों की लागत को लेकर सकारात्मक माहौल बना है. वहीं बैंकिंग शेयरों में मजबूत खरीदारी ने प्रमुख सूचकांकों को ऊपर चढ़ने में मदद की.
सेक्टर के लिहाज से देखें तो पीएसयू बैंक शेयरों में 6.72 फीसदी की शानदार तेजी दर्ज की गई. दूसरी ओर मेटल शेयरों में 2.94 फीसदी की गिरावट रही. इससे साफ है कि बाजार में तेजी के बावजूद अलग-अलग सेक्टर का प्रदर्शन एक जैसा नहीं रहा.
सोना-चांदी पर बढ़ा दबाव, आगे भी गिरावट के संकेत:
एक तरफ शेयर बाजार में तेजी का माहौल है, वहीं दूसरी तरफ सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव देखने को मिल रहा है. अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त रुख और मजबूत डॉलर ने कीमती धातुओं की चमक फीकी कर दी है. डॉलर मजबूत होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी की मांग पर दबाव बढ़ता है.