VIDEO: छात्रसंघ चुनाव बहाली पर जयपुर में संग्राम, कांवड़ लेकर विधानसभा की ओर बढ़े छात्र, देखिए ये खास रिपोर्ट

VIDEO: छात्रसंघ चुनाव बहाली पर जयपुर में संग्राम, कांवड़ लेकर विधानसभा की ओर बढ़े छात्र, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर: राजधानी जयपुर में शुक्रवार को छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर सियासी और छात्र राजनीति का पारा चढ़ा रहा. एक तरफ छात्रनेता कांवड़ लेकर विधानसभा के पास शिव मंदिर पहुंचे और चुनाव बहाली की मांग को लेकर भगवान शिव का आशीर्वाद मांगा, तो दूसरी ओर 22 गोदाम सर्किल पर विधानसभा घेराव की कोशिश कर रहे छात्रों और पुलिस के बीच तीखी झड़प देखने को मिली. पुलिस की सख्ती के चलते दोनों स्थानों पर छात्रों की रणनीति सफल नहीं हो सकी और कई छात्रनेताओं को हिरासत में ले लिया गया. 

राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग अब सड़कों पर खुलकर दिखाई देने लगी है. शुक्रवार को राजधानी जयपुर में छात्रों ने अलग-अलग तरीकों से सरकार और प्रशासन तक अपनी आवाज पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी ने उनके सभी प्रयासों को बीच रास्ते में ही रोक दिया. सुबह करीब 11 बजकर 45 मिनट पर छात्रनेता कमल चौधरी, अरविंद नागल, लक्ष्यराज सिंह समेत करीब 50 छात्र कांवड़ लेकर अचानक हाईकोर्ट सर्किल पहुंच गए. छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर ये छात्र विधानसभा की ओर बढ़ना चाहते थे. जैसे ही पुलिस को इसकी सूचना मिली, पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई और हाईकोर्ट सर्किल चौराहे पर छात्रों को रोकने का प्रयास किया.

इस दौरान छात्रों और पुलिस के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई. हालात ऐसे बने कि कई छात्रनेताओं के हाथों से कांवड़ तक गिर गई. हालांकि पुलिस ने कांवड़ लिए हुए छात्रनेताओं को विधानसभा के पास स्थित शिव मंदिर तक जाने की अनुमति दी, लेकिन बाकी छात्रों को आगे बढ़ने नहीं दिया गया. शिव मंदिर पहुंचकर छात्रनेताओं ने पूजा-अर्चना की और छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर प्रतीकात्मक रूप से कांवड़ अर्पित की. इसके बाद पुलिस ने सभी प्रमुख छात्रनेताओं को अपनी गाड़ियों में बैठाकर वहां से रवाना कर दिया.

वहीं दूसरी तरफ दोपहर करीब एक बजे 22 गोदाम सर्किल पर छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर एक और बड़ा प्रदर्शन हुआ. छात्रनेता नीरज खीचड़ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र यहां एकत्रित हुए. छात्रों का इरादा विधानसभा का घेराव करने का था, लेकिन पुलिस पहले से ही पूरी तैयारी के साथ तैनात थी. प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने पुलिस द्वारा लगाई गई बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए आगे बढ़ने की कोशिश की. इसके आगे पुलिस की ओर से त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई थी. प्रदर्शनकारी छात्रों ने इस सुरक्षा घेरे को भी तोड़ने का प्रयास किया, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया.

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छात्रनेता नीरज खीचड़ सहित करीब एक दर्जन छात्रनेताओं को हिरासत में ले लिया. प्रमुख नेताओं के हिरासत में लिए जाने के बाद भी कुछ छात्र मौके पर डटे रहे, लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी. छात्र नेताओं का कहना है कि छात्रसंघ चुनाव युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी का सबसे बड़ा माध्यम है और जब तक चुनाव बहाल नहीं किए जाते, उनका आंदोलन जारी रहेगा. 

वहीं प्रशासन किसी भी हाल में विधानसभा की सुरक्षा और कानून व्यवस्था से समझौता नहीं करना चाहता, इसलिए पूरे घटनाक्रम के दौरान भारी पुलिस जाब्ता तैनात रखा गया.कांवड़ यात्रा से लेकर विधानसभा घेराव की कोशिश तक, छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर जयपुर की सड़कों पर आज छात्रों ने अपनी ताकत दिखाने का प्रयास किया. लेकिन पुलिस की कड़ी चौकसी ने हर मोर्चे पर उनके कदम रोक दिए. अब देखना होगा कि  सरकार इस मांग पर क्या रुख अपनाती है.