
जैसलमेर: दुनिया खूबसूरत नजारों को आंखों से देखती है, लेकिन कुछ लोग ऐसे भी हैं जो खूबसूरती को स्पर्श, शब्दों, कल्पनाओं और एहसासों के जरिए अपने भीतर उतारते हैं. स्वर्णनगरी जैसलमेर में ऐसा ही एक भावुक दृश्य देखने को मिला, जब अंध कन्या प्रकाश गृह की 100 दृष्टिबाधित बच्चियां वर्षों पुराना सपना पूरा करने यहां पहुंचीं. उनके लिए जैसलमेर का भ्रमण महज पर्यटन नहीं, बल्कि एक ऐसी दुनिया को महसूस करने का अनुभव था, जिसके बारे में उन्होंने अब तक केवल सुना और कल्पना किया था.
दो बसों में सवार बच्चियां और संस्था के स्टाफ सहित करीब 120 लोगों का समूह जैसलमेर पहुंचा. बच्चियों की लंबे समय से इच्छा थी कि वे स्वर्णनगरी के ऐतिहासिक किले, भव्य हवेलियों और रेगिस्तान को करीब से महसूस करें. उनकी इस ख्वाहिश को पूरा करने के लिए संस्था ने करीब तीन महीने पहले से यात्रा की योजना बनाई. जैसलमेर पहुंचकर बच्चियों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी. किले और ऐतिहासिक हवेलियों का भ्रमण उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा रहा.
प्रसिद्ध पटवा हवेली पहुंचीं बच्चियों के लिए वहां की वास्तुकला और पत्थरों पर की गई बारीक नक्काशी को समझना एक अनूठा अनुभव रहा. हवेली की खिड़कियां, झरोखे, छह मंजिलों की बनावट और पुराने समय के राजा-महाराजाओं का रहन-सहन… संस्था के स्टाफ ने हर चीज को शब्दों में समझाया. बच्चियों ने जहां संभव हुआ, वहां हाथों से स्पर्श कर इमारत की बनावट महसूस की और मन की आंखों से हवेली की एक तस्वीर बनाई. जैसलमेर की कला-संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत से रूबरू होने का यह तरीका उनके लिए बेहद खास रहा.
एक छात्रा ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि जैसलमेर आने की इच्छा वे लंबे समय से अपनी प्रिंसिपल दीपाली मैम से जता रही थीं. आखिरकार 100 बच्चियों के समूह के साथ यहां आने का मौका मिला. उन्होंने किला और पटवा हवेली का भ्रमण किया और जो कुछ आंखों से नहीं देख सकती थीं, उसे अपने स्पर्श से महसूस किया. छात्रा ने बताया कि संस्था की प्रिंसिपल और स्टाफ बच्चियों का बहुत ध्यान रखते हैं, उनकी इच्छाओं को पूरा करने का प्रयास करते हैं और यात्रा के दौरान भी उन्हें परिवार जैसा अपनापन मिलता है.
रावल साक्षी ने बताया कि पटवा हवेली की छह मंजिलों और पुराने समय के राजसी जीवन के बारे में जब उन्हें विस्तार से समझाया गया तो उन्होंने मन की आंखों से उसकी कल्पना की. राजा-महाराजाओं के कपड़े, रहन-सहन और उस दौर की चीजों के बारे में सुनकर उनके मन में हवेली की तस्वीर उभर आई. उन्होंने कहा कि कई वर्षों से जैसलमेर घूमने की ख्वाहिश थी और आखिरकार आज यह सपना पूरा हुआ. शाम को रेगिस्तान में टेंट के भीतर ठहरने और वहां होने वाली गतिविधियों को लेकर भी बच्चियां काफी उत्साहित थीं.
इस यात्रा के पीछे संस्था और उसके स्टाफ की वर्षों की सेवा और समर्पण भी जुड़ा है. अंध कन्या प्रकाश गृह की प्रिंसिपल दीपाली राठौड़ पिछले 30 वर्षों से संस्था से जुड़ी हैं और पिछले 10 वर्षों से प्रिंसिपल के रूप में जिम्मेदारी निभा रही हैं. संस्था में कुल 163 दृष्टिबाधित बच्चियां हैं. यहां बच्चियों को ब्रेल लिपि के माध्यम से शिक्षा दी जाती है. हाई स्कूल की पढ़ाई के बाद बच्चियां सामान्य कॉलेजों में आगे पढ़ाई करती हैं और संस्था के हॉस्टल में रहकर अपनी शिक्षा जारी रखती हैं. संस्था उनके भोजन, आवास और पढ़ाई सहित आवश्यक सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराती है.
बच्चियों को शिक्षा के साथ आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी संस्था प्रयासरत है. प्रशिक्षण केंद्र में तिल-सिंगी की चिक्की, राखियां और अन्य उत्पाद तैयार किए जाते हैं, जिनके माध्यम से बच्चियां हुनर सीखती हैं. आगे पढ़ाई, नौकरी और जीवन में स्थापित होने के लिए भी संस्था सहयोग करती है. संस्था का प्रयास है कि बच्चियां केवल शिक्षा तक सीमित न रहें, बल्कि अपने सपनों को पूरा करने और आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने में सक्षम बनें.
जैसलमेर की सुनहरी हवेलियों और रेगिस्तान के बीच यह यात्रा एक अलग संदेश छोड़ गई. जहां कुछ लोग शहर को कैमरे में कैद कर रहे थे, वहीं इन बच्चियों ने उसे स्पर्श, शब्दों और कल्पनाओं में संजोया. उनके लिए पटवा हवेली की नक्काशी केवल पत्थरों पर बनी आकृतियां नहीं थीं, बल्कि इतिहास को महसूस करने का माध्यम थीं. उनकी खुशी बता रही थी कि खूबसूरती देखने के लिए आंखों की रोशनी ही जरूरी नहीं, उसे महसूस करने के लिए मन की रोशनी भी काफी है. स्वर्णनगरी जैसलमेर इन बच्चियों के लिए एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि वर्षों से दिल में बसे सपने की खूबसूरत हकीकत बन गई.