जयपुरः स्टेट सिविल सेवा से IAS में प्रमोशन को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है. अब बुधवार को होने वाली राज्य सिविल सेवा से IAS में पदोन्नति के जरिए चयन के लिए UPSC की चयन समिति की बोर्ड बैठक दिल्ली के बजाय सचिवालय, जयपुर में होगी. यह बिरला ही ऐसा मौका है जब यूपीएससी की बोर्ड बैठक दिल्ली में यूपीएससी के बजाय जयपुर में सचिवालय में हो रही हो.
2025 वर्ष की स्टेट सिविल सेवा से IAS में प्रमोशन के जरिये चयन के लिए 18 सीटों की रिक्तता है. अब यह बैठक दिल्ली में यूपीएससी के बजाय जयपुर में सचिवालय में होगी. बैठक के लिए दिल्ली से UPSC के अधिकारी जयपुर पहुंचेंगे. बैठक 23 सितंबर को शाम 4 बजे सचिवालय में होगी .
दावेदारों का डाटाबेस
इसमें 1998 बैच के 15 RAS और 1999 बैच के 3 RAS अधिकारियों के IAS में पदोन्नति के प्रस्ताव पर विचार होगा. कुल 18 रिक्त पदों को पदोन्नति के जरिए भरने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
दिल्ली के बजाय जयपुर में UPSC बोर्ड बैठक होना चर्चा का विषय
ब्यूरोक्रेसी की पावर गैलरी में इस फैसले को लेकर चर्चा के बीच वरिष्ठ अधिकारियों ने वर्ष 2017 में हुई बैठक को याद किया. इससे पहले 22 जून 2017 को भी UPSC की बोर्ड बैठक दिल्ली के बजाय जयपुर सचिवालय में आयोजित की गई थी. उस बैठक में 16 रिक्त पदों के लिए अनुशंसा की गई थी.
इस बार 18 पदों पर पदोन्नति का प्रस्ताव
रिक्त 18 पदों के विरुद्ध UPSC में तिगुने नाम, उनकी आकर और अन्य रिकॉर्ड का डोजियर भेजा गया था.
2001 बैच के 1 RAS के फील्ड में कम अनुभव होने के चलते UPSC बार बार राज्य सरकार से जानकारी मांग रही थी जिससे प्रक्रिया में देरी हुई थी.
कार्मिक विभाग ने समय-समय पर शंका को दूर करने के लिए उनसे जुड़ी जानकारी भेजी थी लेकिन फिर भी बोर्ड बैठक तय नहीं हुई थी.
ऐसे में पदोन्नति के दावेदार RAS अधिकारी मुख्य सचिव वी श्रीनिवास से मिले थे और उन्हें मामला सुलझाने का अनुरोध किया था.
श्रीनिवास ने इस बारे में तुरंत यूपीएससी में बातचीत की और उनके प्रयासों से मामला हल हुआ जिसके बाद 23 सितंबर को बोर्ड बैठक निर्धारित हुई.
ये हैं प्रमुख दावेदार
23 सितंबर की बैठक में 18 रिक्त पदों पर पदोन्नति के जरिए IAS में चयन के प्रस्ताव पर विचार होगा. इनमें 1998 बैच के 15 RAS और 1999 बैच के 3 RAS अधिकारी शामिल हैं.
1998 बैच में मेघना चौधरी, ओमप्रकाश जैन, राजेश सिंह, मुकेश कुमार शर्मा, महेंद्र कुमार शर्मा, अंजू राजपाल, विवेक कुमार, मदनलाल नेहरा, दिनेश कुमार जांगिड़, पूनम प्रसाद सागर, उम्मेद सिंह और महावीर खराड़ी सहित अन्य नाम दावेदारों में शामिल हैं.
1999 बैच में डॉक्टर भागचंद बधाल, असलम शेर खान और नरेंद्र कुमार बंसल के नाम प्रमुखता से शामिल हैं.
तीन पुराने लिफाफों पर भी हो सकता है विचार
बैठक में पुराने मामलों से जुड़े अरुण प्रकाश शर्मा, रामस्वरूप और गोपाल राम बिरदा के लिफाफों पर भी विचार किए जाने की संभावना है.
बिरदा के नाम का खुल सकता है लिफाफा
अब 23 सितंबर को होने वाली UPSC बोर्ड बैठक में इन पुराने लिफाफों को लेकर क्या निर्णय होता है, इस पर ब्यूरोक्रेसी की नजर रहेगी.