झालावाड़ में सड़क दुर्घटना में ASI सुनील कुमार की मौत, पुलिस विभाग में शोक की लहर, 6 माह पहले ही हुआ था प्रमोशन

झालावाड़: राजस्थान के झालावाड़ जिले में बीती रात सड़क दुर्घटना में सहायक उप निरीक्षक (ASI) सुनील कुमार पुत्र जयप्रकाश निवासी हाउसिंग बोर्ड, झालावाड़ का निधन हो गया. सुनील कुमार वर्तमान में अकलेरा में एएसआई के पद पर कार्यरत थे. वे सरकारी कार्य के सिलसिले में पगारिया थाना क्षेत्र में गए हुए थे. इसी दौरान बाइक से जाते समय सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए.

हादसे के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए झालावाड़ के एसआरजी चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने पर पगारिया थाना पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की.

बताया जा रहा है कि सुनील कुमार का करीब छह माह पहले ही एएसआई पद पर प्रमोशन हुआ था. प्रमोशन के बाद वे अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे. सरकारी कार्य के दौरान हुए इस हादसे में उनके असामयिक निधन की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई. वहीं परिजनों और परिचितों में भी दुख का माहौल है.