देशभर में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव की धूम, मंदिरों में लगेगा छप्पन भोग, कल मनाई जाएगी भाई दूज

जयपुर: देशभर में आज गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है. उदयातिथि के अनुसार कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा पर गोवर्धन पूजा की जा रही है. आज दोपहर करीब 2 बजे तक प्रतिपदा तिथि रहेगी, जिसके बाद कार्तिक शुक्ल द्वितीया तिथि शुरू होगी. 11 नवंबर को सूर्योदय के समय द्वितीया तिथि होने के कारण भाई दूज का पर्व कल मनाया जाएगा.

गोवर्धन पूजा के अवसर पर घरों और मंदिरों में गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है. भगवान श्रीकृष्ण को विभिन्न पकवानों का छप्पन भोग अर्पित किया जा रहा है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को देवराज इंद्र के प्रकोप से बचाने के लिए अपनी छोटी उंगली पर सात दिनों तक गोवर्धन पर्वत उठाए रखा था. इसी पौराणिक प्रसंग की स्मृति में हर वर्ष गोवर्धन पूजा का पर्व मनाया जाता है.

गौसेवा और अन्नदान का विशेष महत्व:
गोवर्धन पूजा पर गौसेवा और दान-पुण्य का भी विशेष महत्व माना जाता है. इस दिन गायों को हरी घास, गुड़ और रोटी खिलाना शुभ माना जाता है. श्रद्धालु गौशालाओं में दान करने के साथ जरूरतमंदों को अन्न और भोजन वितरित करते हैं. धार्मिक मान्यता है कि इस दिन गौसेवा और अन्नदान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है.

मदन मोहन जी मंदिर में विशेष आयोजन: 
करौली जिले में आज गोवर्धन पूजा को लेकर विशेष उत्साह है. आराध्य देव मदन मोहन जी मंदिर में विधि-विधान से गोवर्धन पूजा का आयोजन किया जाएगा. मंदिर परिसर में गोबर और मिट्टी से गोवर्धन महाराज की आदमकद आकृतियां तैयार की जाएंगी. मंदिर के पुजारी विशेष पूजा-अर्चना करेंगे. इस दौरान गोवर्धन महाराज के जयकारों से मंदिर परिसर गुंजायमान रहेगा.

बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने की संभावना है. इसके अलावा गोविंददेवजी मंदिर, नवल बिहारी जी मंदिर, होली खिड़कियां स्थित सीताराम जी मंदिर और गोमती आश्रम में भी विशेष धार्मिक आयोजन होंगे.

मंदिरों में शुरू होगा अन्नकूट प्रसादी का दौर:
गोवर्धन पूजा के साथ ही करौली के विभिन्न मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर अन्नकूट महोत्सव की शुरुआत होगी. भगवान को विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित करने के बाद श्रद्धालुओं में प्रसादी वितरित की जाएगी. घरों से लेकर मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों तक गोवर्धन पूजा की पारंपरिक रस्में निभाई जाएंगी. पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है.