प्रतिकात्मक फोटो
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण लगातार चिंता बढ़ा रहा है. राजधानी के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है. प्रदूषित हवा के कारण लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. बढ़ते प्रदूषण ने दिल्लीवासियों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 दर्ज किया गया, जबकि पूसा में यह 398 तक पहुंच गया. इसके अलावा बुराड़ी क्रॉसिंग, नॉर्थ कैंपस और सिरी फोर्ट समेत कई इलाकों में भी हवा प्रदूषित बनी हुई है. प्रदूषण का स्तर बढ़ने से राजधानी की आबोहवा लगातार खराब हो रही है.
विशेषज्ञों के मुताबिक, प्रदूषित हवा का सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों पर पड़ सकता है. ऐसे में लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और जरूरत पड़ने पर मास्क का इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है.