नई दिल्लीः अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारतीय युवा खिलाड़ियों ने ऐसा रोमांच दिखाया कि आखिरी गेंद तक दर्शकों की सांसें थमी रहीं. खिताबी मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 1 विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली. जीत के सबसे बड़े हीरो मोहित उलवा रहे. खिलाड़ी ने कांटे की टक्कर में नाबाद 49 रनों की पारी खेली और टीम को चैंपियन बनाया.
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 9 विकेट के नुकसान पर 337 रन बनाए. पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने शानदार शतक लगाया. उन्होंने 111 गेंदों पर 107 रन बनाए जिसमें 11 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. वहीं अब्दुल कादिर ने महज 54 गेंदों में 80 रनों की तूफानी पारी खेली. उनकी पारी में 8 छक्के और 3 चौके शामिल थे. वहीं कप्तान फरहान यूसुफ ने भी 63 रनों की दमदार पारी खेली. जवाब में भारत की तरफ से परेश पटेल ने 4 विकेट झटके. विजय सुभाष ने 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा.
338 रनों के बड़े लक्ष्य पर दर्ज की जीतः
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने अच्छी शुरुआत दी. 338 रनों के बड़े लक्ष्य पर पार पाने में मध्यक्रम के लड़खड़ाने से मुकाबला पाकिस्तान का पलड़ा भारी नजर आया. भारत ने 252 रन पर 8 विकेट गंवा दिए और यहां से जीत के लिए 86 रन बनाने थे और हाथ में सिर्फ दो विकेट बचे थे. ऐसे मुश्किल हालात में मोहित उलवा और मैनाल चौहान ने हार नहीं मानी. दोनों ने नौवें विकेट के लिए 57 रनों की शानदार साझेदारी कर मैच का रुख ही पलट दिया. इसके बाद मोहित उलवा ने नाबाद 49 रन बनाकर भारत को ऐतिहासिक जीत दिला दी.