61 की महिला और 31 का युवक... दो दिन में टूटा रिश्ता! दूल्हे ने उम्र देखकर बदला फैसला, शादी से पहले ही बिगड़ गई बात

जयपुरः डेटिंग ऐप पर शुरू हुई दोस्ती शादी तक पहुंचने वाली थी लेकिन जब प्यार का रिश्ता हकीकत से रूबरू हुआ तो कहानी में कुछ ऐसा ट्विस्ट आया कि मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया. दरअसल कनाडा से करीब 11 हजार किलोमीटर का सफर तय कर 61 साल की महिला राजस्थान के नीमराना पहुंची थी, जहां उसने अपने 31 वर्षीय प्रेमी से शादी रचाने के सपने थे लेकिन हुआ उसकी उम्मीद के परे. 

दोनों के बीच आमने-सामने मुलाकात के बाद युवक ने शादी से इनकार कर दिया. उम्र को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद महिला ने कनाडा दूतावास से संपर्क किया और फिर आधी रात मामले में पुलिस की एंट्री हुई. आखिर डेटिंग ऐप पर एक साल तक चली बातचीत के बाद ऐसा क्या हुआ कि शादी की बात पुलिस थाने तक पहुंच गई? जानिए पूरा मामला. 

उम्र बना शादी में अड़ंगा !
नीमराना थाना एसएचओ सुरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि पानीपत निवासी नितिन की करीब एक साल पहले डेटिंग ऐप के जरिए कनाडा की महिला से बातचीत शुरू हुई थी. दोनों ने शादी करने पर सहमति जताई. इसके बाद महिला 11 नवंबर को दिल्ली पहुंची. जहां नितिन उसे अपने मौसा-मौसी के फ्लैट पर ले आया. इस दौरान दोनों के बीच बातचीत में शादी की बात आगे बढ़ने पर महिला की उम्र करीब 61 साल होने की जानकारी सामने आई. लेकिन यहां से युवक ने शादी से मना कर दिया. इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया.     

युवक व महिला को थाने ले गई पुलिसः
महिला ने कनाडा दूतावास से संपर्क कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी. दुतावास के अधिकारियों ने कोटपूतली-बहरोड़ कंट्रोल रूम को सूचना दी. इसके बाद सुबह 4 बजे नीमराना थाना पुलिस बीबी बिल्डर्स सोसायटी पहुंची और युवक व महिला को थाने ले गई. फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है, जबकि महिला को कोटपूतली में होम सेंटर में रखा गया है.