पंचायत चुनाव के चौथे चरण में कांग्रेस का इम्तिहान, डोटासरा की साख दांव पर; बाड़ेबंदी की तैयारी शुरू

जयपुर: राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव का चौथा चरण कई मायनों में खास है. एक तरफ एक करोड़ से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे, तो दूसरी तरफ कांग्रेस और बीजेपी के कई दिग्गज नेताओं के परिवार के सदस्य चुनाव मैदान में हैं. कांग्रेस के लिए यह चुनाव सिर्फ जिला परिषद और पंचायत समिति की सीटों का नहीं, बल्कि अपने नेताओं की राजनीतिक पकड़ और संगठन की ताकत दिखाने का भी मौका है. गोविंद सिंह डोटासरा से लेकर नरेंद्र बुडानिया और दूसरे वरिष्ठ नेताओं की साख पर भी नजर रहेगी. 

राजस्थान के पंचायतीराज चुनाव के चौथे चरण में 25 जिलों में सियासी मुकाबला होगा. एक करोड़ से ज्यादा मतदाता उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे. सबसे ज्यादा उम्मीदवार श्रीगंगानगर में चुनाव लड़ रहे हैं. कांग्रेस के लिए यह चरण ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी राजनीतिक जमीन और संगठनात्मक मजबूती परखने का मौका है. जिला परिषद से लेकर पंचायत समिति तक कांग्रेस की रणनीति और स्थानीय नेताओं के प्रभाव की परीक्षा होगी.

चुनाव का पूरा गणित
-25 जिला परिषदों के 382 वार्डों में चुनाव
-जिला परिषद सदस्य के 1,322 उम्मीदवार मैदान में
-116 पंचायत समितियों के 2,142 वार्डों में चुनाव
-पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 7,521 उम्मीदवार
-कुल 1 करोड़ 5 लाख 94 हजार 285 मतदाता
-11,905 मतदान बूथ बनाए गए हैं मतदान के लिए

चौथे चरण में चूरू-बीकानेर से लेकर से लेकर टोंक तक कांग्रेस के कई राजनीतिक परिवारों के सदस्य चुनाव लड़ रहे हैं. भले ही परिवारवाद का आरोप लगता रहा, लेकिन कई नेताओं ने अपने रिश्तेदारों को मैदान में उतारा है. अब उनको जितवाने की जिम्मेदारी भी इन नेताओं की ही है.

-चूरू जिला परिषद के वार्ड 38 से तारानगर के कांग्रेस विधायक नरेंद्र बुडानिया की पत्नी कनक देवी चुनाव मैदान में हैं
-चूरू के वार्ड 39 से दिवंगत पूर्व विधायक भंवरलाल शर्मा के बेटे केशरीचंद शर्मा कांग्रेस प्रत्याशी हैं, वे सरदारशहर विधायक अनिल शर्मा के भाई भी हैं
-चूरू के वार्ड 3 से भंवरलाल शर्मा की बहू अंजूबाला भी चुनाव लड़ रही हैं
-टोंक में पूर्व उपमुख्यमंत्री बनवारी लाल बैरवा की बेटी अलका बैरवा चुनाव मैदान में हैं
-निवाई के पूर्व विधायक प्रशांत बैरवा की पत्नी सुषमा बैरवा भी कांग्रेस की प्रत्याशी हैं
-बीकानेर जिला परिषद में विधायक सुशीला डूडी की पुत्रवधू निकिता डूडी चुनाव लड़ रही हैं
-सीकर जिले की खंडेला पंचायत समिति में पूर्व केंद्रीय मंत्री महादेव सिंह खंडेला की पत्नी पार्वती देवी भी मैदान में हैं

इस चुनाव में कांग्रेस के कई नेताओं के सामने अपने राजनीतिक प्रभाव को स्थानीय स्तर पर साबित करने की चुनौती है. गोविंद सिंह डोटासरा के विधानसभा क्षेत्र लक्ष्मणगढ़ में भी चुनाव हो रहे हैं. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर उनकी संगठनात्मक पकड़ पर राजनीतिक नजर रहेगी. तारानगर विधायक नरेंद्र बुडानिया की पत्नी कनक देवी की उम्मीदवारी को स्थानीय राजनीति में बुडानिया परिवार के प्रभाव के संदर्भ में देखा जा रहा है. सरदारशहर विधायक अनिल शर्मा के परिवार से केशरीचंद शर्मा की उम्मीदवारी भी अहम है. टोंक में बनवारी लाल बैरवा और प्रशांत बैरवा के परिवारों की चुनावी भागीदारी पर नजर रहेगी. बीकानेर में डूडी परिवार की उम्मीदवारी भी चर्चा में है. परिवारवाद के मुद्दे पर बीजेपी भी सवालों से बाहर नहीं है.  लक्ष्मणगढ की पंचायत समितियों के लिए खुद गोविंद डोटासरा ने प्रचार की कमान संभाल रखी है. उन्होंने क्षेत्र की जनता के सामने अपने काम भी गिनाए.

राजस्थान में पंचायत चुनाव का मतदान भले ही 14 नवंबर को पूरा हो जाएगा, लेकिन असली राजनीतिक जोड़-तोड़ इसके बाद शुरू होने की संभावना है. जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव को लेकर कांग्रेस और बीजेपी दोनों ने अपने प्रत्याशियों को एकजुट रखने की कवायद तेज कर दी है. चुनावी नतीजों के बाद बाड़ेबंदी का दौर चलेगा. सवाल यह है कि क्या कांग्रेस अपने निर्वाचित सदस्यों को एकजुट रख पाएगी और जिला परिषद से लेकर पंचायत समिति तक सत्ता का गणित अपने पक्ष में बैठा पाएगी? जिला परिषद और पंचायत समिति के निर्वाचित सदस्यों के वोट से जिला प्रमुख और प्रधान चुने जाते हैं. ऐसे में बहुमत के आंकड़े तक पहुंचना और अपने सदस्यों को एकजुट रखना राजनीतिक दलों के लिए महत्वपूर्ण है. बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने अपने प्रत्याशियों को एकजुट रखने के लिए बाड़ेबंदी की तैयारी की है. चौथे चरण के प्रत्याशियों के लिए मतदान के बाद होटल और रिसॉर्ट में ठहरने की व्यवस्था की खबरें भी सामने आई हैं.