Didwana News: दादी संग बकरियां चराने खेत पर गई 3 मासूम बच्चियां हौद में गिरी, दर्दनाक हादसे में तीनों की मौत

मकराना: परबतसर थाना क्षेत्र की मंगलाना ग्राम पंचायत के अंतर्गत मकराना शहर से सटी गुर्जरों की ढाणी स्थित नाका बस्ती में बुधवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया. खेत में बने पानी के हौद में डूबने से एक ही परिवार की तीन मासूम बालिकाओं की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर छा गई. 

जानकारी के अनुसार नाका बस्ती निवासी महक (6) पुत्री देवेन्द्र गुर्जर, चहक (6) पुत्री सतीश गुर्जर एवं मानवी (5) पुत्री दीपक गुर्जर सुबह अपनी दादी के साथ बकरियां चराने खेत पर गई थीं. दोपहर के समय दादी को नींद आ गई. इसी दौरान तीनों बालिकाएं खेलते-खेलते खेत में बने पानी के हौद तक पहुंच गईं और उसमें गिर गईं. 

कुछ देर बाद दादी की नींद खुली तो उन्होंने बालिकाओं को घर पर समझकर तलाश की, लेकिन तीनों वहां नहीं मिलीं. इसके बाद परिजनों ने खेत में तलाश शुरू की तो तीनों बालिकाएं हौद में पड़ी मिलीं. परिजन आनन-फानन में तीनों को हौद से बाहर निकालकर राजकीय उपजिला चिकित्सालय मकराना लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया. 

तीनों मासूमों की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. बताया जा रहा है कि तीनों बालिकाएं आपस में एक ही परिवार की थीं और जिस खेत में यह हादसा हुआ, वह भी परिवार का ही था. घटना की सूचना मिलने पर परबतसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की. एक साथ तीन मासूमों की असमय मौत से नाका बस्ती सहित आसपास के क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है.