सिरोही में बड़ा हादसा, यात्री बस अचानक गिरी खाई में, कई यात्रियों को आई मामूली चोटें, राहत एवं बचाव कार्य जारी

सिरोहीः सिरोही जिले के माउंट आबू से आबूरोड जाने वाले मार्ग पर शनि देव मंदिर के पास यात्रियों से भरी एक टेंपो ट्रैवलर बस अनियंत्रित होकर सुरक्षा दीवार से टकराने के बाद खाई में जा गिरी. गनीमत रही कि खाई में गिरने के दौरान वाहन सड़क किनारे लगे एक पेड़ पर अटक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. हादसे में आधा दर्जन के आस पास यात्रियों को मामूली चोटें आईं, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.

जानकारी के अनुसार टेंपो ट्रैवलर बस में सवार यात्री गुजरात के राजकोट से माउंट आबू घूमने आए थे, माउंट आबू घूमकर ये लोग माउंट आबू से राजकोट की ओर जा रहे थे. इसी दौरान शनि देव मंदिर के समीप अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे बनी सुरक्षा दीवार को तोड़ते हुए खाई की ओर जा गिरा. खाई में गिरते समय टेंपो ट्रैवलर पेड़ पर अटक गई. इससे वाहन पूरी तरह नीचे गिरने से बच गया.    

जानकारी के मुताबिक हादसे के समय टेंपो ट्रैवलर में कुल 16 यात्री सवार थे. दुर्घटना के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया. घायल यात्रियों को उपचार के लिए तलहटी स्थित ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया. शेष यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है. दुर्घटना के चलते माउंट आबू-आबूरोड मार्ग पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और आवागमन सुचारू करवाने के प्रयास किए.