जैसलमेर में पानी की डिग्गी में डूबने से 4 बच्चों की मौत, तीन सगी बहनों और ममेरे भाई की गई जान

जैसलमेर: जैसलमेर से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. जिले के रूपसी गांव में खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से चार बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों में तीन सगी बहनें और उनका ममेरा भाई शामिल है. बताया जा रहा है कि खेत में ट्यूबवेल पर काम कर रहे परिवार के बीच अचानक एक बच्ची पानी की डिग्गी में गिर गई. उसे बचाने के लिए तीन अन्य बच्चे भी डिग्गी में उतर गए, लेकिन चारों की पानी में डूबने से मौत हो गई. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया. पूरे इलाके में शोक की लहर है.

जानकारी के अनुसार, हादसा जैसलमेर के सदर थाना क्षेत्र के रूपसी गांव में हुआ. परिवार खेत में ट्यूबवेल पर काम कर रहा था. इसी दौरान अचानक एक बच्ची खेत में बनी पानी की डिग्गी में गिर गई. बच्ची को डूबता देख अन्य बच्चे उसे बचाने के लिए डिग्गी में उतर गए. लेकिन पानी की गहराई और परिस्थितियों के चलते चारों बच्चे डूब गए.हादसे में जान गंवाने वालों में दिलीप पुत्र अमृतराम (18), निवासी रूपसी और तीन सगी बहनें मोरू (16), धीया और माया (14), पुत्रियां नारायणराम, निवासी सिपला शामिल हैं. चारों मृतक भील समुदाय के परिवारों से बताए जा रहे हैं.परिजन चारों को तत्काल जैसलमेर के जवाहिर चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़:

एक ही हादसे में चार बच्चों की मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके और अस्पताल पहुंची. पुलिस के अनुसार, एक बच्चे के पहले डिग्गी में डूबने और उसे बचाने के प्रयास में अन्य बच्चों के भी डूबने की बात सामने आई है. परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है.खेत में बनी पानी की डिग्गी चार जिंदगियों को निगल गई. इस हृदयविदारक हादसे ने न केवल चार परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है, बल्कि पूरे जैसलमेर जिले को झकझोर कर रख दिया है.

सीओ सिटी रूप सिंह इन्दा ने बताया कि सदर थाना क्षेत्र के रूपसी गांव पड़ता है. वहां से चार बच्चों की डेड बॉडी जिला अस्पताल में लेकर आए हैं. और खेत में बनी हुई डिग्गी में डूबने से इनकी मृत्यु होना परिवार जनों ने बताया है. अग्रिम कार्रवाई की जा रही है थानेदार और हम लोग सारे यहीं पर हैं. तीन लड़कियां हैं जो सगी बहनें हैं और एक एक और लड़का है. डूबने से ही हुआ है एक जना पहले डूबा है और उसके बाद उसको बचाने की कारण बाकी प्रयासों में बाकी जने डूब गए. परिवार वाले रिपोर्ट देने पर अग्रिम कार्रवाई होगी.

एसपी अभिषेक शिवहरे ने बताया कि कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि रूपसी गांव से तीन युवतियों और एक युवक के शव लाए गए हैं. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों युवतियां आपस में बहनें थीं, जबकि युवक उनका ममेरा भाई था. चारों एक ही परिवार से थे और रूपसी गांव में खेत पर काम कर रहे थे. शुरुआती सूचना के मुताबिक, एक युवती खेत में बनी डिग्गी में गिर गई. उसे बचाने के प्रयास में एक-एक कर अन्य लोग भी डिग्गी में कूद गए, जिससे चारों की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने पर एसएचओ को मौके पर भेजा गया है. फिलहाल मामले में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है. जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.