जयपुर: जयपुर दक्षिण की मानसरोवर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपए के इनामी वाहन चोरी के आरोपी अम्बेडकर उर्फ मोडा को गिरफ्तार किया है. आरोपी करीब दो साल से फरार चल रहा था और पहचान छिपाकर पुलिस से बच रहा था. पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ राजस्थान के विभिन्न जिलों के थानों में 20 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं.
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण के निर्देशन में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी के तहत सहायक पुलिस आयुक्त हेमेन्द्र शर्मा के निर्देशन और मानसरोवर थानाधिकारी सतीश चन्द के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी.
पुलिस के अनुसार, 18 अप्रैल 2025 को मानसरोवर के भारत माता सर्किल से एक टाटा ऐस वाहन चोरी होने का मामला दर्ज किया गया था. इस मामले में पुलिस पहले ही अमरचन्द उर्फ अंकित को पकड़कर चोरी हुआ वाहन बरामद कर चुकी थी, लेकिन दूसरा आरोपी अम्बेडकर उर्फ मोडा फरार था. उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था.
दीपावली के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने परिवार के साथ जयपुर में ही रह रहा है. इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और सूचना के आधार पर आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान अम्बेडकर उर्फ मोडा (29 वर्ष), पुत्र रमेश जाटव, निवासी गोपरा गांव, थाना जौरा, जिला मुरैना, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है.