जयपुरः राजधानी के सबसे वीवीआईपी मार्ग जवाहरलाल नेहरू मार्ग को पूरी तरह से ट्रैफिक सिग्नल फ्री करने की कवायद की जा रही. इसके लिए जेडीए की ओर से करीब 500 करोड़ रुपए की लागत वाले प्रोजेक्ट का खाका तैयार किया गया है. आखिर कैसे करीब साढ़े सात किलोमीटर लंबी इस सड़क को ट्रैफिक सिग्नल फ्री किया जाएगा.
जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन के निर्देशन में जेडीए की ओर से शहर वासियों को यातायात जाम से मुक्ति दिलाने के लगातार प्रयास किया जा रहे हैं. कहीं बेवजह के डिवाइडर कट्स को बंद किया गया है तो कहीं रोड इंजीनियरिंग के माध्यम से जंक्शन में सुधार कार्य किए गए हैं. महल रोड,सीकर रोड और न्यू सांगानेर रोड को ट्रैफिक सिग्नल फ्री करने का काम हाथ में लिया है. इसमें से महल रोड के तीन चौराहों को ट्रैफिक सिग्नल मुक्त किया भी जा चुका है. लेकिन अब शहर के सबसे वीवीआईपी मार्ग जवाहरलाल नेहरू मार्ग को ट्रैफिक सिग्नल फ्री करने की कवायद की जा रही है. इसके लिए जेडीए ने दिल्ली के स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर के विशेषज्ञों से इस प्रोजेक्ट का खाका तैयार कराया है. इन विशेषज्ञों ने सर्वे और स्टडी के बाद जेएलएन मार्ग के चौराहों व तिराहों को बंद कर उन्हें ट्रैफिक सिग्नल फ्री करने के लिए पूरी रिपोर्ट तैयार की है. इस रिपोर्ट का मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के समक्ष प्रस्तुतीकरण किया जाएगा. मुख्यमंत्री स्तर पर निर्णय लेने के बाद इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया जाएगा. इस रिपोर्ट में बताया गया है कि कहां एलिवेटेड रोड बनेगा,कहां लूप बनेगा और कहां यू टर्न स्ट्रक्चर बनाया जाएगा.
-रामनिवास बाग से लेकर जवाहर सर्किल तक करीब साढ़े सात किलोमीटर लंबे इस जवाहरलाल नेहरू मार्ग को ट्रैफिक सिग्नल फ्री करने की कवायद है
-प्रस्तावित प्रोजेक्ट के मुताबिक त्रिमूर्ति सर्किल पर मौजूदा ट्रैफिक सिग्नल व्यवस्था को हटाया जाएगा
-यहां सर्किल के माध्यम से ट्रैफिक का मूवमेंट रहेगा
-त्रिमूर्ति सर्किल से राजस्थान यूनिवर्सिटी तिराहे तक एलिवेटेड रोड प्रस्तावित की गई है
-त्रिमूर्ति सर्किल से यूनिवर्सिटी तिराहे की तरफ जाने के लिए प्रस्तावित एलिवेटेड रोड त्रिमूर्ति सर्किल के कुछ आगे से शुरू होगी
-यह करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड यूनिवर्सिटी तिराहे से पहले उतरेगी
-यूनिवर्सिटी से रामनिवास बाग जाने के लिए यह एलिवेटेड रोड इस तिराहे के बाद शुरू होगी
-यह एलिवेटेड रोड रामनिवास बाग से पहले एसएमएस मेडिकल कॉलेज के सामने उतरेगी
-यहां मेडिकल कॉलेज के सामने ही आर-पार जाने के लिए भूमिगत पदयात्री मार्ग बनेगा
-इस एलिवेटेड रोड के नीचे जेडीए सर्किल से कुछ दूरी पर रामनिवास बाग की तरफ यू टर्न स्ट्रक्चर बनेगा
-इस यू टर्न स्ट्रक्चर से गांधी सर्किल की तरफ से आने वाले वाहन चालक यूनिवर्सिटी की तरफ जा सकेंगे
-ट्रैफिक सिग्नल फ्री की इस योजना में जेडीए स्थित चौराहे को पूरी तरह बंद किया जाएगा
-रामनिवास बाग की तरफ और शांति पथ की तरफ से इस चौराहे पर आने वाले ऐसे वाहन चालक जिन्हें भवानी सिंह रोड की तरफ
-अथवा त्रिमूर्ति सर्किल की तरफ जाना है उनके लिए गांधी सर्किल से पहले यू टर्न स्ट्रक्चर प्रस्तावित किया गया है
-स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर की ओर तैयार की गई योजना के मुताबिक गांधी सर्किल के नीचे अंडरपास प्रस्तावित किया गया है
-यूनिवर्सिटी तिराहे से जवाहर सर्किल की तरफ जाने वाले वाहन चालकों के लिए यह अंडरपास प्रस्तावित किया गया है
-अंडरपास बनाकर यहां सर्किल दुबारा निर्मित किया जाएगा
-गांधी सर्किल से आगे वानिकी प्रशिक्षण संस्थान से लेकर ओटीएस चौराहे के पहले तक एट ग्रेड (सड़क की सतह पर) एक बड़ा लूप प्रस्तावित किया गया है
-गांधी सर्किल से ओटीएस चौराहे की तरफ सीधा जाने वाले वाहन चालक इस लूप का उपयोग करेंगे
-इसी लूप में से एक छोटा यू शेप का लूप निर्मित होगा,जिसके माध्यम गांधी सर्किल से आ रहे वाहन चालक बजाज नगर की तरफ जा सकेंगे
-इसी प्रकार जवाहर सर्किल की तरफ से और विद्याश्रम रोड से आने वाले वाहन चालक जिन्हें झालाना संस्थान पथ और
-और जवाहर सर्किल की तरफ जाना है, उन वाहन चालकों के लिए इस बड़े लूप से लगता हुआ छोटा लूप प्रस्तावित किया गया है
-ओटीएस चौराहे से आगे मालवीय राष्ट्रीय प्रोद्योगिकी संस्थान (MNIT)के सामने भी एक यू टर्न प्रस्तावित किया गया है
-इस यू टर्न के माध्यम से वाहन चालक दाहिंनी तरफ मुड़ सकेंगे
-इसके अलावा मालवीय नगर ओवरब्रिज पर कैलगिरी रोड से चढ़ने और जेएलएन मार्ग से इस रोड की तरफ मुड़ने वाले वाहन चालक आमने-सामने नहीं हो
-इसके लिए यहां के डिजाइन में बदलाव प्रस्तावित किया गया है
-जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर ओटीएस चौराहे से आगे एसएल रोड तिराहे को भी बंद किया जाएगा
-यहां तिराहे को बंद कर वाहन चालकों के आवागमन के लिए जवाहर सर्किल से पहले यू टर्न स्ट्रक्चर प्रस्तावित किया गया है
-वर्ल्ड ट्रेड पार्क के सामने भूमिगत पदयात्री मार्ग प्रस्तावित किया गया है
जेडीए की ओर से प्रस्तावित इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर वाहन चालकों को सुगम राह उपलब्ध कराना है. आपको बताते है इस प्रोजेक्ट के क्या होंगे फायदे-
-इस मार्ग पर आने वाले सभी चौराहे व तिराहों को बंद कर उन्हें ट्रैफिक सिग्नल फ्री किया जाएगा
-ट्रैफिक सिग्नल फ्री होने से वाहन चालकों को जंक्शन पर रूकना नहीं पड़ेगा
-ओटीएस चौराहे व जेडीए सर्किल से जैसे जंक्शन ऐसे हैं जिनमें वाहन चालकों को दो से तीन मिनट तक रूकना पड़ता है
-इसके चलते वाहनों का लंबा जाम लग जाता है
-जंक्शन पर रूकने वाले वाहन चालकों को दो या तीन लाल बत्ती से गुजरना पड़ता है
-लूप या यू टर्न स्ट्रक्चर से मूवमेंट पर वाहन चालकों को कुछ सेकंड लगेंगे
-ऐसे में वाहन चालकों के इस समय में बचत होगी
-वाहन चालक पहले से कम समय में गंतव्य स्थान तक पहुंच सकेंगे
-ज्यादा देर नहीं रूकने के कारण वाहनों से निकलने वाले धूएं से पर्यावरण को होने वाले प्रदूषण में भी कमी होगी
-पूरी सड़क के ट्रैफिक सिग्नल फ्री होने से वाहन कही भी रूके बिना लगातार मूवमेंट करेंगे