
नई दिल्लीः नेपाल में मंगलवार सुबह भूकंप के तेज झटकों से धरती हिल गई. सुबह करीब 7 बजकर 2 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.3 मापी गई. भूकंप का केंद्र नेपाल के लेलेप क्षेत्र के पास बताया जा रहा है. भूकंप का असर सिर्फ नेपाल तक ही सीमित नहीं रहा. बल्कि भारत के अलावा भूटान, बांग्लादेश और चीन के कुछ इलाकों में भी झटके महसूस किए जाने की खबरें सामने आई हैं.
भारत में बिहार के कई जिलों में भूकंप का असर देखने को मिला. समस्तीपुर, मधुबनी, दरभंगा, वैशाली, पटना, पूर्णिया, अररिया और सुपौल समेत कई इलाकों में लोगों ने कुछ सेकंड तक धरती में कंपन महसूस किया. झटकों से घबराए लोग अपने घरों से बाहर निकल आए. फिलहाल नेपाल में आए इस भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 15 किलोमीटर की गहराई मेंः
वहीं पूर्वोत्तर भारत में भी भूकंप की गतिविधियां दर्ज की गईं. असम के कार्बी आंगलोंग जिले में मंगलवार तड़के सुबह 3 बजकर 39 मिनट पर भूकंप आया. NCS के मुताबिक इसकी तीव्रता 2.5 मापी गई. भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 15 किलोमीटर की गहराई में था.लगातार अलग-अलग इलाकों में महसूस किए जा रहे भूकंप के झटकों के बीच लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है.