डिजिटल ठगी पर RBI का बड़ा वार! एक क्लिक में ब्लॉक होंगे बैंक खाते के ऑनलाइन भुगतान, जल्द मिलेगी 'स्टॉप स्विच' की सुविधा

देश में तेजी से बढ़ रहे डिजिटल बैंकिंग फ्रॉड पर लगाम लगाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है. डिजिटल धोखाधड़ी से खाताधारकों को बचाने के लिए RBI ने 'स्टॉप स्विच' सुविधा शुरू करने का प्रस्ताव रखा है. इसके तहत बैंक खाते में किसी तरह की धोखाधड़ी का संदेह होने पर ग्राहक एक क्लिक में सभी ऑनलाइन भुगतानों को तुरंत रोक सकेंगे. इससे साइबर ठगों द्वारा खाते से रकम निकालने की कोशिशों पर समय रहते रोक लगाई जा सकेगी.
विस्तार में

मुंबई: देश में तेजी से बढ़ रहे डिजिटल बैंकिंग फ्रॉड पर लगाम लगाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है. डिजिटल धोखाधड़ी से खाताधारकों को बचाने के लिए RBI ने 'स्टॉप स्विच' सुविधा शुरू करने का प्रस्ताव रखा है. इसके तहत बैंक खाते में किसी तरह की धोखाधड़ी का संदेह होने पर ग्राहक एक क्लिक में सभी ऑनलाइन भुगतानों को तुरंत रोक सकेंगे. इससे साइबर ठगों द्वारा खाते से रकम निकालने की कोशिशों पर समय रहते रोक लगाई जा सकेगी.

एक क्लिक में रुकेंगे सभी ऑनलाइन भुगतान:
प्रस्तावित 'स्टॉप स्विच' सुविधा के जरिए खाताधारक जरूरत पड़ने पर अपने बैंक खाते से होने वाले सभी ऑनलाइन ट्रांजैक्शन तत्काल बंद कर सकेंगे. इसका उद्देश्य ग्राहकों को डिजिटल धोखाधड़ी की आशंका होने पर तुरंत कार्रवाई करने का विकल्प देना है. खास बात यह है कि ग्राहक को बैंकिंग फ्रॉड की स्थिति में भुगतान रोकने के लिए बैंक की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा.

बुजुर्गों और महिलाओं के लिए 'ट्रस्टेड पर्सन' की सुविधा:
RBI के प्रस्ताव में बुजुर्गों, ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों और कम शिक्षित महिला ग्राहकों के लिए 'ट्रस्टेड पर्सन' नियुक्त करने का प्रावधान भी शामिल है. इसके तहत खाताधारक अपने किसी भरोसेमंद व्यक्ति को अधिकृत कर सकेंगे. बड़ी रकम के भुगतान के लिए ट्रस्टेड पर्सन की मंजूरी जरूरी होगी. प्रस्ताव के अनुसार, इस मंजूरी के लिए एक घंटे की अवधि निर्धारित की गई है. इससे अनजान कॉल, फर्जी लिंक और साइबर ठगों के झांसे में आकर होने वाले बड़े वित्तीय नुकसान को रोकने में मदद मिल सकती है.

स्टॉप स्विच के बाद भी जारी रहेंगे कुछ लेन-देन:
प्रस्तावित व्यवस्था में स्टॉप स्विच सक्रिय होने के बावजूद कुछ जरूरी बैंकिंग लेन-देन जारी रहेंगे. इनमें लोन की किस्त और बकाया राशि की वसूली जैसे भुगतान शामिल हैं. यानी ऑनलाइन भुगतान रोकने की सुविधा का इस्तेमाल करने पर भी बैंक की निर्धारित वसूली प्रक्रिया प्रभावित नहीं होगी.

14 दिसंबर तक मांगे सुझाव, जुलाई 2027 से लागू करने की तैयारी:
RBI ने नए सुरक्षा निर्देशों के मसौदे पर 14 दिसंबर तक संबंधित पक्षों से सुझाव और प्रतिक्रियाएं मांगी हैं. प्रस्तावित व्यवस्था को जुलाई 2027 से लागू करने की तैयारी है. सुझावों और अंतिम दिशा-निर्देशों के आधार पर इसकी रूपरेखा तय होगी.