शिमला जिले में 3.9 तीव्रता का भूकंप, जुब्बल और रोहड़ू में महसूस हुए झटके

नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में बुधवार, को 3.9 तीव्रता का भूकंप आया. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप रात करीब 9 बजकर 50 मिनट पर आया और इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में था. 

भूकंप के झटके जुब्बल और रोहड़ू क्षेत्रों में भी महसूस किए गए. कुछ सेकंड तक धरती हिलने से लोग सहम गए. अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है. राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भी शिमला जिले और आसपास के क्षेत्रों में नुकसान की कोई सूचना नहीं मिलने की जानकारी दी है.

भूकंप के झटके आने पर क्या करें? जानें जरूरी सावधानियां
भूकंप के दौरान घबराने के बजाय शांत रहें और अपनी सुरक्षा पर ध्यान दें. इन सावधानियों का पालन करें:
- झटके महसूस होने पर नीचे झुकें, किसी मजबूत मेज के नीचे शरण लें और उसे मजबूती से पकड़कर रखें.
- खिड़कियों, कांच और गिर सकने वाली भारी वस्तुओं से दूर रहें.
- झटकों के दौरान बाहर की ओर न भागें और लिफ्ट का इस्तेमाल न करें.
- आधिकारिक सूचनाओं और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें.