जयपुर के महल रोड पर यू टर्न ट्रैफिक मूवमेंट होगा शुरू, कल से सड़क के तीन चौराहे होंगे ट्रैफिक सिग्नल फ्री

जयपुर : जयपुर के महल रोड पर यू टर्न ट्रैफिक मूवमेंट शुरू होगा. कल से सड़क के तीन चौराहे ट्रैफिक सिग्नल फ्री होंगे. इन चौराहों को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा. दाहिनी तरफ मुड़ने के लिए और सामने की तरफ जाने के लिए यू शेप से टर्न लेना पड़ेगा. जेडीए की ओर से 7 किलोमीटर में 7 यू टर्न बनाए जाने हैं. 

जगतपुरा ROB से द्रव्यवती नदी तक यू टर्न बनाए जाने हैं. 7 में से 4 यू टर्न स्ट्रक्चर का मौके पर काम पूरा हो चुका है. इन 4 यू टर्न स्ट्रक्चर में से 3 चौराहे ट्रैफिक सिग्नल फ्री हो जाएंगे. अक्षय पात्र चौराहा, जीवन रेखा हॉस्पिटल चौराहा और बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहा ट्रैफिक सिग्नल फ्री हो जाएंगे. जेडीसी सिद्धार्थ महाजन के अनुसार परियोजना का उद्देश्य महल रोड पर यातायात को सुगम सुरक्षित एवं निरंतर बनाना है. 

साथ ही अनावश्यक रुकावट एवं विलंब को कम करना है. एट-ग्रेड यू-टर्न व्यवस्था के साथ ट्रैफिक चैनलाइजेशन, रोड मार्किंग, संकेतक, डेलीनेटर एवं अन्य सड़क सुरक्षा उपायों का प्रावधान किया गया है. इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य केवल यातायात की गति बढ़ाना नहीं है. बल्कि सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात संचालन करना सुनिश्चित है.