जयपुर: राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनाव के लिए बजट आवंटन जारी किया है. राजस्थान में पंचायत चुनाव के लिए 210.35 करोड़ का बजट आवंटित किया है. 41 जिलों में चुनावी व्यवस्थाओं के लिए राशि जारी की गई है. मतदान दलों से लेकर EVM, वाहन और वीडियोग्राफी तक का खर्च शामिल है.
मतदान दल, रिटर्निंग अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस व्यवस्था, EVM/वाहन, वीडियोग्राफी, टेंट-बैरिकेडिंग और अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च होगा. जिला निर्वाचन अधिकारियों को आवंटित राशि का उपयोग निर्धारित मदों में ही करने के निर्देश दिए हैं. आयोग ने अनावश्यक व अतिरिक्त खर्च पर रोक लगाई है. बजट का उपयोग मितव्ययिता के साथ करने के निर्देश दिए हैं.
चुनाव पूरा होने के एक माह के भीतर खर्च का पूरा विवरण आयोग को भेजना होगा. मतदान दलों और जोनल मजिस्ट्रेटों को मानदेय का भुगतान आयोग के निर्धारित निर्देशों के अनुसार होगा. आयोग ने स्पष्ट किया-स्वीकृत बजट से अधिक खर्च की जिम्मेदारी संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी की होगी.
पंचायत चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग के सख्त निर्देश:
पंचायत चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने सख्त निर्देश दिए हैं. मतदान केंद्रों पर छाया, पेयजल और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था अनिवार्य होगी. मतदान दलों-पुलिसकर्मियों के लिए गद्दे, चादर, तकिये की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं. मतदान केंद्रों पर साफ-सफाई और शौचालय व्यवस्था भी सुनिश्चित होगी. मतदान दलों व पुलिसकर्मियों के भोजन की भी व्यवस्था होगी. साइनेज-लाइनिंग के साथ दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं. हर मतदान केंद्र पर प्राथमिक उपचार किट और जरूरी दवाइयां उपलब्ध रहेंगी. राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.