
नई दिल्ली: परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण को लेकर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कांग्रेस पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने हमेशा से नारी शक्ति वंदन अधिनियम और परिसीमन विधेयक का मजबूती से समर्थन किया है. सरकार दोनों महत्वपूर्ण विषयों के समाधान के लिए बेहतर प्रस्ताव लेकर आई है.
चिराग पासवान ने कहा कि वर्तमान में लोकसभा में 543 सांसद हैं. विपक्ष मौजूदा सीटों के आधार पर ही महिला आरक्षण लागू करने का सुझाव देता रहा है, लेकिन कई दलों के सांसदों को अपनी सीट गंवाने का डर है. कांग्रेस अपनी पार्टी के सांसदों से पूछकर बताए कि क्या वे इसके लिए तैयार हैं?
महिलाओं को मिलेगा 33 प्रतिशत आरक्षण:
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार संसद में सीटों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव लेकर आई है. इससे महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए मौजूदा सांसदों को अपनी सीट नहीं गंवानी पड़ेगी. लंबे समय से चली आ रही महिला आरक्षण की मांग को पूरा करने के लिए सरकार ने बेहतर व्यवस्था का प्रस्ताव रखा है.
INDIA गठबंधन में दिख रहा बिखराव:
चिराग पासवान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब इस मुद्दे पर सिर्फ राजनीति कर रही है. यही कारण है कि INDIA गठबंधन में भी बिखराव देखने को मिल रहा है. गठबंधन के कई दल सरकार के समर्थन में आ रहे हैं, जबकि कांग्रेस इस मुद्दे पर अलग-थलग पड़ती नजर आ रही है.