नई दिल्ली : दिवाली की आतिशबाजी से दिल्ली की हवा और जहरीली हो गई है. दिवाली की रात दिल्ली में जमकर आतिशबाजी हुई. रात 8 से 10 बजे तक पटाखे जलाने की अनुमति थी. तय समय सीमा के बावजूद कई इलाकों में आधी रात तक पटाखे फूटते रहे. दिवाली के दिन दिल्ली का औसत AQI 382 दर्ज हुआ है.
382 AQI के साथ दिल्ली की हवा बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गई. आधी रात को पटाखों के धुएं से कई इलाकों में विजिबिलिटी कम हो गई. बाहरी दिल्ली से लेकर वसंत कुंज तक धुएं का असर देखने को मिला है. स्ट्रीट लाइट की रोशनी में हवा में फैला धुआं साफ नजर आया. पहले से प्रदूषण की मार झेल रही राजधानी की हवा पर आतिशबाजी का असर देखने को मिला है.
सीपीसीबी के रात 1 बजे के आंकड़ों में कई इलाकों की हवा बेहद खराब:
-जहांगीरपुरी में सबसे ज्यादा 447 AQI दर्ज
-रोहिणी और विवेक विहार में 442-442 AQI दर्ज
-बवाना में 434, चांदनी चौक और डीटीयू में 430 AQI
-पटपड़गंज में 421, पंजाबी बाग में 416 AQI दर्ज
-अलीपुर में 413 और आईटीओ में 407 AQI दर्ज
-मुंडका में 405 AQI के साथ हवा की हालत खराब
-नोएडा के सेक्टर-62 में भी 445 AQI दर्ज
-नोएडा के अन्य इलाकों में 292 से 321 के बीच रहा AQI
-गाजियाबाद में लोनी का AQI 390 दर्ज
-गोविंदपुरम में 342 और इंदिरापुरम में 317 AQI दर्ज
-गुरुग्राम में टेरी ग्राम का AQI 372 और विकास सदन में 344 दर्ज
-NCR के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक
बता दें कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए दिल्ली सरकार ने करीब 350 टीमें बनाई थीं. इसके बावजूद रात 10 बजे के बाद भी कई इलाकों में पटाखे जलते रहे. तय समय के बाद आतिशबाजी रोकने में टीमों की भूमिका पर सवाल उठे हैं.आधी रात तक पटाखे जलाने वालों के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई ? नियमों की पालना कराने के दावों के बीच प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्था पर सवाल है.