डीडवाना : नेशनल हाईवे-458 पर तेज रफ्तार कार और बाइक की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा सांजू के नजदीक खीवताणा गांव के आगे हुआ.
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के मुताबिक, सांजू निवासी मुकेश अपने दो अन्य साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर सांजू से खाटू की ओर जा रहा था. इसी दौरान बेरासर की तरफ से आ रही कार ने बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में मुकेश, रामस्वरूप और कमला देवी घायल हो गए.
तीनों को उपचार के लिए डीडवाना ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मुकेश की मौत हो गई. वहीं, रामस्वरूप और कमला देवी का उपचार जारी है. मृतक के भाई ने कार चालक पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए डेगाना थाने में रिपोर्ट देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है.