राजस्थान में चक्रवात 'अर्नब' का असर! 20 से ज्यादा जिलों में येलो अलर्ट, करौली-दौसा-अलवर समेत कई जिलों में बारिश, किसानों की बढ़ी चिंता

राजस्थान में 20 से ज्यादा जिलों में येलो अलर्ट, करौली-दौसा-अलवर समेत कई जिलों में बारिश, किसानों की बढ़ी चिंता (AI जनरेटेड काल्पनिक चित्र)

राजस्थान में 20 से ज्यादा जिलों में येलो अलर्ट, करौली-दौसा-अलवर समेत कई जिलों में बारिश, किसानों की बढ़ी चिंता (AI जनरेटेड काल्पनिक चित्र)

जयपुर: राजस्थान में मौसम ने अचानक करवट ली है. प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. जयपुर, अलवर, दौसा, भरतपुर समेत कई जिलों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ स्थानों पर वज्रपात की भी आशंका है. मौसम विभाग के तीन घंटे के पूर्वानुमान में सीकर, झुंझुनूं, चूरू और नागौर के कुछ इलाकों में भी मौसम बदलने की संभावना जताई गई है. विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.

करौली में बारिश से बढ़ी ठंडक, जनजीवन प्रभावित:
करौली जिला मुख्यालय पर चक्रवात 'अर्नब' के संभावित प्रभाव के बीच मौसम का मिजाज बदल गया. घने बादलों के बीच बारिश का दौर शुरू हुआ. करीब आधे घंटे तक रिमझिम और मध्यम बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई. ठंडी हवाओं और बारिश के कारण वातावरण में ठंडक बढ़ गई. अचानक बदले मौसम से स्कूल जाने वाले बच्चों और कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

दौसा में गरज के साथ बारिश, किसानों की बढ़ी चिंता:
दौसा में सुबह से आसमान में छाए बादल बारिश में बदल गए. कई इलाकों में मेघगर्जन के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ. बारिश से कुछ फसलों को फायदा मिलने की उम्मीद है, जबकि नई अंकुरित सरसों की फसल को नुकसान की आशंका भी जताई जा रही है. करवा चौथ के अवसर पर बारिश और बादलों के कारण व्रत रखने वाली महिलाओं को चांद के दीदार में परेशानी हो सकती है.

धौलपुर के बाड़ी में बूंदाबांदी, तापमान में गिरावट:
धौलपुर जिले के बाड़ी क्षेत्र में मौसम ने करवट ली है. हल्की बूंदाबांदी के साथ तापमान में गिरावट देखी जा रही है. मौसम में आई ठंडक के कारण सर्दी का असर महसूस होने लगा है.

अलवर में तेज बारिश, मौसम हुआ ठंडा:
अलवर में अचानक हुई तेज बारिश से मौसम बदल गया. बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई और वातावरण में ठंडक बढ़ गई. मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार को भी जिले में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है.

बूंदी में रिमझिम बारिश से किसानों की चिंता बढ़ी:
बूंदी में सुबह से रिमझिम बारिश का दौर जारी है. अचानक मौसम बदलने से किसानों की चिंता बढ़ गई है. खेतों में धान की पकी हुई फसल खड़ी है, जबकि कई किसानों की उपज कृषि मंडियों में भी रखी हुई है. ऐसे में तेज या लगातार बारिश होने पर धान समेत अन्य फसलों को नुकसान पहुंच सकता है.