डॉ. चिन्मय पंड्या का आह्वान: राष्ट्र निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना जरूरी

डॉ. चिन्मय पंड्या का आह्वान: राष्ट्र निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना जरूरी

नई दिल्ली: अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज (हरिद्वार) की ओर से नई दिल्ली के भारत मंडपम में ‘राष्ट्र निर्माण संकल्प’ सम्मेलन आयोजित किया गया. माता भगवती देवी शर्मा जन्म शताब्दी महोत्सव की तैयारियों के तहत हुए इस सम्मेलन में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के 1,000 से अधिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई. अंत में सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्र निर्माण में योगदान देने और माताजी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया.

सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति और जन्म शताब्दी समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पंड्या ने कहा, “राष्ट्र निर्माण का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना आज समय की मांग है. इसके लिए नैतिक मूल्यों, सेवा, सदाचार, सामाजिक दायित्व और राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति जागरूकता को मजबूत करना होगा.”

उन्होंने कहा कि माता भगवती देवी शर्मा जी की जन्म शताब्दी, अखंड दीप की शताब्दी और युग ऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी की आध्यात्मिक तपस्या की शताब्दी मिलकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त संदेश देती हैं. डॉ. पंड्या ने कहा, “वर्तमान समय भारतीय अस्मिता, आध्यात्मिकता और राष्ट्र की असीम क्षमताओं के जागरण का निर्णायक समय है.”

मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि वर्तमान युग महाकाल के परिवर्तन चक्र का समय है और महिलाएं राष्ट्र पुनर्निर्माण की सशक्त वाहक बन रही हैं. दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक विकास कुमार, IAS ने कहा कि नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता, देशभक्ति और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भागीदारी ही सशक्त भारत की नींव है. कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा और सांसद अजय भट्ट सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. डॉ. पंड्या ने अतिथियों को गायत्री महामंत्र चादर भेंट कर सम्मानित किया.

दिल्ली पुलिस के संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) श्री संजय त्यागी, IPS ने भी डॉ. चिन्मय पंड्या से भेंट की और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं.

उल्लेखनीय है कि डॉ. चिन्मय पंड्या ने जुलाई में स्विट्जरलैंड के जिनेवा में ‘जिनेवा सेंटर फॉर सिक्योरिटी पॉलिसी’ (GCSP) के तत्वावधान में हुए वैश्विक सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व किया था. यह सम्मेलन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से उत्पन्न संभावित वैश्विक खतरों से निपटने के लिए साझा सुरक्षा मानकों पर केंद्रित था.

माता भगवती देवी शर्मा जन्म शताब्दी का मुख्य तीन दिवसीय महोत्सव 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में होगा. इसमें देश-विदेश से हजारों गायत्री परिजनों के शामिल होने की उम्मीद है.    

DISCLAIMER: The above press release has been provided by the agency. First India will not be responsible in any way for the content of the same. The story has come from an agency and has not been edited by the First India Staff