राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के शुभारंभ का पहला दिन, 61.15 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई पोलियो रोधी खुराक

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के शुभारंभ का पहला दिन, 61.15 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई पोलियो रोधी खुराक

जयपुर : राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के शुभारंभ का आज पहले दिन 59217 बूथों पर  61.15 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई. अभियान के अगले दो दिन घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी. PHS गायत्री राठौड़ ने बताया कि 30 जून तक अभियान चलेगा.  

1.04 करोड़ से अधिक बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है. 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने के लिए 75 हजार 232 टीमें बनाई गई है. जो पोलियो की खुराक दे रही है , जिसमें से 7011 ट्रांजिट व 9004 मोबाइल टीमें भी है. अभियान के दौरान 1.38 लाख से अधिक स्वास्थ्य कर्मी एवं अन्य विभागों के कार्मिक सक्रिय रूप से भाग ले रहे है.

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक डॉ. जोगाराम ने जानकारी देते हुए कहा कि अभियान के लिए नियुक्त मोबाइल एवं ट्रांजिट टीमें बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, राष्ट्रीय राजमार्गों एवं अन्य आवागमन स्थलों पर आने जाने वाले बच्चों को भी दवा पिला रही है. 

अभियान में घुमक्कड़ जनजाति के डेरों, ईंट भट्टों पर काम करने वाले मजदूरों के पांच साल तक बच्चों और दुर्गम क्षेत्रों के बच्चों का भी ध्यान रखा गया है. अभियान के सफल संचालन के लिए चिकित्सा विभाग, आईसीडीएस, आयुर्वेद विभाग, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अन्य विभागों से सहयोग लेते हुए वैक्सीनेटर्स एवं मॉनिटर्स की व्यवस्था की गई है.