जोधपुर : वायुसेना दिवस पर एयरबेस में भव्य एयर शो हुआ. सूर्यकिरण और सारंग टीम ने हैरतअंगेज करतब दिखाए. 9 हॉक एमके-132 विमानों ने आसमान में उड़ान भरी. 5 ध्रुव हेलिकॉप्टरों ने शानदार हवाई कौशल दिखाया. केसरिया, सफेद और हरे धुएं से तिरंगा फॉर्मेशन बना.
आसमान में डीएनए और दिल की आकृति उकेरी. वर्टिकल क्लाइंब और बैरल रोल ने ध्यान खींचा. सारंग टीम के हेलिकॉप्टरों ने रोमांचक क्रॉसओवर दिखाए. मेहरानगढ़ दुर्ग के ऊपर से हेलिकॉप्टर गुजरे.एयर शो के दौरान पायलट डायमंड फॉर्मेशन सहित अलग-अलग आकृतियां बनाकर अपनी शानदार उड़ान क्षमता और सटीक तालमेल का प्रदर्शन किया.
बेहद कम दूरी पर उड़ान भरते हुए विमानों का समन्वय दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहा. 'तरंग शक्ति' में शामिल विदेशी वायुसेना कर्मी भी पहुंचे. भारत समेत 8 देशों के जवानों ने वायुसेना का दमखम देखा. वहीं एयर शो को लेकर शहरवासियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला.
आसमान में एक साथ तेज गति से उड़ते विमानों की फॉर्मेशन, कलाबाजियां और धुएं से बनने वाली आकृतियों ने जोधपुर में एयरफोर्स डे के जश्न को खास बनाया. आज शहर में हवाई ताकत, रोमांच और सटीकता का शानदार संगम देखने को मिला.