जयपुर: न्यू सांगानेर रोड पर जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) के प्रवर्तन दस्ते की ओर से अतिक्रमण और सड़क सीमा में आ रहे निर्माणों के खिलाफ बड़ी ध्वस्तीकरण कार्रवाई की जा रही है. 100 फीट सड़क सीमा में आ रहे अवैध निर्माणों को हटाने के लिए JDA की टीमों ने मोर्चा संभाल लिया है. कार्रवाई के दौरान जनपद के कॉर्नर पर स्थित चार मंजिला होटल के सड़क सीमा में आ रहे हिस्से को भी ध्वस्त कर दिया गया.
JDA की ओर से मेट्रो पिलर संख्या 84 से 109 तक सड़क सीमा में आ रहे निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है. इसके लिए प्राधिकरण ने चार विशेष प्रवर्तन टीमों का गठन किया है. सभी चारों टीमें मौके पर मौजूद रहकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को अंजाम दे रही हैं.
कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की बाधा और कानून व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस जाब्ता भी तैनात किया गया है. JDA का प्रवर्तन दस्ता पूरी तैयारी के साथ सड़क सीमा में आ रहे निर्माणों को हटाने में जुटा हुआ है.