जयपुरः जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें होनी चाहिए, उस उम्र में कुछ बच्चों के हाथों में गैंगस्टरों ने हथियार थमा दिए हैं. जिस उम्र में उन्हें स्कूल की पढ़ाई और भविष्य के सपने देखने चाहिए, उस उम्र में उन्हें हत्या, लूट और रंगदारी का पाठ पढ़ाया जा रहा है. जयपुर में अपराध की दुनिया का एक ऐसा खतरनाक चेहरा सामने आया है, जहां गैंगस्टर अपनी आपराधिक सल्तनत चलाने के लिए नाबालिगों को मोहरा बना रहे हैं. जयपुर के सेठी कॉलोनी स्थित बाल सुधार गृह में CST की छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में मोबाइल फोन और नशे की सामग्री मिलने से कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
जयपुर के सेठी कॉलोनी स्थित बाल सुधार गृह में कमिश्नरेट स्पेशल टीम की छापेमारी ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है. पुलिस टीम ने यहां तलाशी अभियान चलाया तो बड़ी संख्या में मोबाइल फोन और नशे की सामग्री बरामद हुई. इस बरामदगी ने सिर्फ बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल नहीं खड़े किए, बल्कि इस आशंका को भी गंभीर बना दिया है कि कहीं यहां रह रहे बाल अपचारी बाहरी आपराधिक नेटवर्क के संपर्क में तो नहीं हैं. बदलते समय में अब अपराध की दुनिया में गैंगस्टरों ने अब अपना तरीका बदल लिया है. पुलिस की गिरफ्त से बचने और वारदातों को अंजाम देने के लिए नाबालिगों का इस्तेमाल किए जाने के आरोप लगातार सामने आते रहे हैं. गैंगस्टर सोशल मीडिया, मोबाइल फोन और अपने गुर्गों के जरिए नाबालिगों से संपर्क बनाते हैं. पहले उन्हें अपने प्रभाव और रसूख का लालच दिया जाता है. फिर धीरे-धीरे उनका ब्रेनवॉश कर अपराध की दुनिया में धकेल दिया जाता है. बडी वजह कानून की प्रक्रिया का गलत फायदा उठाने की कोशिश भी मानी जा रही है. इस पूरे खेल के पीछे एक वजह यह भी है बाल अपचारियों के लिए अलग किशोर न्याय व्यवस्था है. उन्हें वयस्क अपराधियों की तरह जेल में नहीं रखा जाता. इसी व्यवस्था का फायदा उठाकर गैंगस्टर कथित तौर पर कम उम्र के लड़कों को अपने अपराध का मोहरा बनाते हैं.
जयपुर के बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई गंभीर सवाल हैं. यहां से अब तक 100 से ज्यादा बाल अपचारियों के फरार होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. आरोप है कि कुछ बाल अपचारी फरार होने के बाद दूसरे राज्यों, खासकर हरियाणा में पहुंचकर संगीन वारदातों में शामिल हुए. ऐसे में सवाल यह है कि बाल सुधार गृह से फरार होने वाले बच्चों को रोकने के लिए आखिर सुरक्षा का कैसा इंतजाम है? क्या फरार होने वाले बच्चों की गतिविधियों की निगरानी होती है? क्या दूसरे राज्यों की पुलिस के साथ इनका रिकॉर्ड साझा किया जाता है? और सबसे बड़ा सवाल, क्या फरारी के बाद ये बच्चे किसी संगठित गैंग के लिए काम करने लगते हैं. जयपुर में जी क्लब पर हुई फायरिंग का मामला हो या अन्य चर्चित आपराधिक घटनाएं, गैंगस्टर नेटवर्क और नाबालिगों के इस्तेमाल की आशंकाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ाई है. अब पुलिस इस मामले को बेहद गम्भीरता से देख रही है. ऐसे में बाल सुधार गृह से जो मोबाइल मिले है उनका एनेलाइसेस किया जा रहा है.
सवाल सिर्फ एक बाल सुधार गृह में मोबाइल फोन और नशे की सामग्री मिलने का नहीं है. सवाल उस पूरे नेटवर्क का है, जो मासूम उम्र के बच्चों को अपराध की दुनिया का खिलाड़ी बना रहा है. जिस उम्र में बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़कर उनका भविष्य संवारना चाहिए, उस उम्र में अगर वे गैंगस्टरों के इशारे पर हत्या, लूट और रंगदारी जैसे अपराधों का हिस्सा बन रहे हैं, तो यह सिर्फ पुलिस की चुनौती नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम के लिए खतरे की घंटी है.