हैप्पी बर्थडे जयपुर — क्लिक करें

कालवाड़ रोड चौड़ीकरण की जद में आए अतिक्रमणों पर JDA का एक्शन, आज से शुरू होगा अभियान

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में कालवाड़ रोड के चौड़ीकरण को लेकर जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने कार्रवाई की तैयारी कर ली है. सड़क सीमा में आने वाले अतिक्रमणों और अवैध निर्माणों को चिह्नित करने के लिए आज से डिमार्केशन का कार्य शुरू किया जाएगा. इसके लिए JDA की ओर से छह टीमों का गठन किया गया है. डिमार्केशन के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी.

अभियान के लिए अतिरिक्त आयुक्त (पूर्व) डॉ. बवाल को प्रभारी बनाया गया है, जबकि मुख्य नियंत्रक प्रवर्तन शिल्पा चौधरी को सहायक प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. अभियान में जोन-5, जोन-13, जोन-पीआरएन, जोन-7, जोन-19 और जोन-जांच की छह टीमें शामिल रहेंगी.

JDA की टीमें सी-जोन बाईपास से कालवाड़ रोड पर सड़क के दोनों ओर अतिक्रमणों को चिह्नित करेंगी. बजरंग द्वार, करधनी मार्केट रोड होते हुए गोविंदपुरा बस स्टैंड तक डिमार्केशन और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी.

अभियान के लिए गठित टीमों में उपायुक्त, तहसीलदार, सहायक नगर नियोजक, कनिष्ठ अभियंता, प्रवर्तन अधिकारी और पटवारी शामिल किए गए हैं. कालवाड़ रोड के चौड़ीकरण की दिशा में JDA का यह अभियान अहम माना जा रहा है. सड़क सीमा से अतिक्रमण हटने के बाद चौड़ीकरण का रास्ता साफ होगा और क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम होने की उम्मीद है.