हैप्पी बर्थडे जयपुर — क्लिक करें

लाखों की सैलरी को कहा अलविदा ! चमक-दमक की दुनिया छोड़ अपनाएंगी संयम का मार्ग, मां के साथ जैन साध्वी बनने चली बेटी

जोधपुरः आज के दौर में हर कोई लाखों का पैकेज और शानदार जिंदगी पाने का सपना देखता है लेकिन गुरुग्राम की एक मां-बेटी ने ऐसा फैसला लिया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. मामला जोधपुर का है. जहां  मां-बेटी का यह फैसला चर्चा का विषय बना हुआ है. मां और बेटी ने सांसारिक सुख-सुविधाओं को त्यागकर वैराग्य का मार्ग चुनने का फैसला किया है. गुरुग्राम की रहने वाली 37 वर्षीय बेटी अक्षिता और 61 वर्षीय मां शिरोमणी अब जैन साध्वी बनकर संयम और तपस्या का जीवन व्यतीत करेंगी. इस फैसले की सबसे खास बात यह है कि बेटी अक्षिता एक मल्टीनेशनल कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं और उन्हें सालाना करीब 50 लाख रुपये का पैकेज मिलता था. 

लेकिन उन्होंने अपने शानदार करियर और सुख-सुविधाओं को छोड़कर आध्यात्मिक जीवन अपनाने का निर्णय लिया है. वहीं, उनकी मां शिरोमणी भी 37 साल तक नौकरी करने के बाद सांसारिक जीवन का त्याग कर संन्यास की राह पर चलने जा रही हैं. गौरतलब है कि मां-बेटी दोनों पंजाबी हिंदू परिवार से ताल्लुक रखती हैं, लेकिन अब उन्होंने जैन धर्म की दीक्षा लेकर साध्वी जीवन अपनाने का संकल्प लिया है.

25 फरवरी को चेन्नई में शिरोमणी दीक्षा ग्रहण करेंगी:
कल जोधपुर में मां-बेटी का भव्य वरघोड़ा निकाला जाएगा. आयोजन में जैन समाज के 31 साधु-साध्वियां भी शामिल होंगे. 25 फरवरी को चेन्नई में शिरोमणी दीक्षा ग्रहण करेंगी. दोनों साध्वी पूर्णप्रज्ञाश्री के सानिध्य में संयम आराधना करेंगी. मारवाड़ जैन संघ के अध्यक्ष गौतम सालेचा ने इस आयोजन की जानकारी दी है.