करौली में पंचायत चुनाव के द्वितीय चरण में सरपंच को लेकर मतदान जारी, अधिकांश मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की लगी कतार
करौली: पंचायत चुनाव में शुक्रवार को सरपंच मतदान को लेकर मतदाताओं में भारी उत्साह नजर आया. बिगड़े मौसम के बावजूद मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतार लग गई. कलेक्टर अक्षय गोदारा, एसपी लोकेश सोनवाल के निर्देशन में मतदान केंद्रों पर शांति और सुरक्षा व्यवस्था के कड़े प्रबंध किए गए है.
जिले में मतदान के प्रथम चरण में करौली पंचायत समिति की 24 ग्राम पंचायतों, मासलपुर पंचायत समिति की 26 ग्राम पंचायतों और नादौती पंचायत समिति की 38 ग्राम पंचायतों में 661 प्रत्याशी सरपंच पद के लिए चुनाव मैदान में है, जबकि करौली की कीरतपुरा में सरपंच निर्विरोध चुना गया है. आज मतदान के दौरान ठंडी हवाओं और रिमझिम फुहारों पर मतदाताओं का उत्साह भारी पड़ा.
मतदाता सर्दी से बचाव के जतन करते हुए सुबह से ही कतारों में लग गए. सुबह 10:00 बजे जिले में मतदान प्रतिशत का आंकड़ा 25 प्रतिशत तक पहुंच गया. सरपंच चुनाव मतदान और मतगणना को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से कड़े प्रबंध किए गए है.