मुंबई: देशभर में करवा चौथ का त्योहार पूरे उत्साह, श्रद्धा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया. इस मौके पर बॉलीवुड और टेलीविजन जगत की कई अभिनेत्रियों ने भी अपने जीवनसाथी के साथ करवा चौथ का पर्व मनाया. किसी ने सोलह श्रृंगार कर पूजा-अर्चना की तो किसी ने चांद का दीदार करने के बाद पति के हाथों पानी पीकर व्रत खोला. सोशल मीडिया पर सितारों के करवा चौथ सेलिब्रेशन की तस्वीरें और वीडियो चर्चा में रहे.
बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी हर साल की तरह इस बार भी करवा चौथ के मौके पर बेहद खूबसूरत पारंपरिक अंदाज में नजर आईं. उन्होंने हरे रंग के कढ़ाईदार ब्लाउज के साथ गुलाबी शेड की साड़ी पहनी थी. पारंपरिक गहनों, सिंदूर और बिंदी के साथ उनका लुक आकर्षण का केंद्र बना. शिल्पा ने पति राज कुंद्रा के साथ त्योहार मनाया. दोनों ने एक-दूसरे के लिए व्रत रखा और चांद निकलने के बाद एक-दूसरे को पानी पिलाकर व्रत खोला.
टेलीविजन की लोकप्रिय अभिनेत्री हिना खान ने भी करवा चौथ का पर्व पति रॉकी जायसवाल के साथ मनाया. इस अवसर पर हिना गुलाबी रंग की साड़ी में बेहद खूबसूरत नजर आईं. उन्होंने मांग में सिंदूर, गले में मंगलसूत्र, बालों में गजरा और हाथों में मेहंदी लगाकर पारंपरिक श्रृंगार किया. हिना ने रॉकी के साथ करवा चौथ की पूजा की और अपने खास पलों की फोटोज सोशल मीडिया पर साझा कीं। दोनों की तस्वीरों को प्रशंसकों ने खूब पसंद किया.
ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा ने भी करवा चौथ का त्योहार खास अंदाज में मनाया. लाल रंग के पारंपरिक सूट और मैचिंग दुपट्टे में प्रियंका बेहद खूबसूरत नजर आईं. उन्होंने पति निक जोनस के साथ करवा चौथ की रस्में निभाईं. सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में उनकी बेटी मालती मैरी भी लाल रंग के कपड़ों में नजर आईं. प्रियंका ने एक बार फिर भारतीय संस्कृति और पारिवारिक परंपराओं के प्रति अपना लगाव जाहिर किया.
अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह ने अपने पति और फिल्म निर्माता जैकी भगनानी के साथ करवा चौथ का त्योहार मनाया. इस खास मौके पर रकुल लाल रंग के पारंपरिक सूट में नजर आईं. मांग में सिंदूर, कानों में बड़े झुमके और हाथों में चूड़ियों के साथ उन्होंने अपना लुक पूरा किया. रकुल और जैकी ने अपने सेलिब्रेशन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए प्रशंसकों को त्योहार की शुभकामनाएं दीं.
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह की पत्नी और अभिनेत्री गीता बसरा ने भी करवा चौथ का व्रत रखा. इस खास मौके पर गीता गुलाबी रंग के कढ़ाईदार पारंपरिक सूट में नजर आईं. उन्होंने हाथों में मेहंदी रचाई और पारंपरिक आभूषण पहने. चांद निकलने के बाद गीता ने छलनी से चंद्रमा और पति हरभजन सिंह का दीदार किया. इसके बाद हरभजन के हाथों पानी पीकर अपना व्रत खोला.