कुलगाम हमले का मास्टरमाइंड ढेर! मस्जिद में छिपा था आतंकी मोहम्मद लतीफ भट, बाहर निकलते ही सुरक्षाबलों ने किया खात्मा

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है. कुलगाम में सुरक्षाबलों ने आतंकी मोहम्मद लतीफ भट को मार गिराया. उसे 11 नवंबर को अखरान में CRPF नाके पर हुए आतंकी हमले की साजिश का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है. सुरक्षाबलों की घेराबंदी के बाद आतंकी एक मस्जिद में जाकर छिप गया था. इसके बाद कई घंटों तक चले घटनाक्रम के बाद उसे ढेर कर दिया गया.

मस्जिद में छिपा आतंकी, SSP ने वीडियो कॉल से की बात:
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबलों ने कुलगाम में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान मोहम्मद लतीफ भट सुरक्षाबलों को देखकर एक मस्जिद में छिप गया. स्थिति को देखते हुए कुलगाम के SSP अनायत अली ने वीडियो कॉल के जरिए आतंकी को समझाने और आत्मसमर्पण के लिए राजी करने की कोशिश की. हालांकि, आतंकी बाहर आने को तैयार नहीं हुआ.

आंसू गैस के गोले दागे, बाहर निकलते ही हुआ ढेर:
आतंकी को मस्जिद से बाहर निकालने के लिए सुरक्षाबलों ने आंसू गैस के गोले दागे. इसके बाद जैसे ही मोहम्मद लतीफ भट मस्जिद से बाहर निकला, सुरक्षाबलों ने उसे मार गिराया. 

CRPF नाके पर हमले की साजिश में था शामिल:
जांच के मुताबिक, लतीफ भट 11 नवंबर को अखरान इलाके में CRPF नाके पर हमले की साजिश में शामिल था. बताया जा रहा है कि हमले को अंजाम देने से पहले उसने मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम सहित कई इलाकों की रेकी की थी. सुरक्षा एजेंसियां अब उसके संपर्कों और आतंकी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हैं.

हैप्पी बर्थडे जयपुर — क्लिक करें