जयपुर: पवित्र सावन मास के चौथे और अंतिम सोमवार के अवसर पर जयपुर शहर पूरी तरह से शिवमय हो गया है. सुबह तड़के से ही शहर के प्रमुख शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए शिव भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है.
शहर के प्रसिद्ध ताड़केश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और विभिन्न प्रकार के अभिषेक का दौर जारी है. जिसके दर्शनों के लिए सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद हैं. इस अवसर पर महादेव का दूध, दही, शहद और गंगाजल से अभिषेक करने के बाद सुंदर फूलों की मंडली से भव्य श्रृंगार किया जा रहा है. भक्तजन लंबी कतारों में लगकर भोलेनाथ को बेलपत्र, धतूरा और जल अर्पित कर रहे हैं.
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सावन का अंतिम सोमवार अत्यंत फलदायी माना जाता है. इस दिन व्रत रखने और विधि-विधान से शिव-पार्वती की पूजा करने से जीवन के सभी कष्ट दूर होते हैं तथा घर में सुख-शांति का वास होता है. श्रद्धालुओं का मानना है कि अंतिम सोमवार को की गई विशेष आराधना से भोलेनाथ सभी मनोकामनाएं शीघ्र पूर्ण करते हैं.