
मुंबई: मुंबई में बम धमाकों की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है. धमकी भरे ई-मेल में मुंबई के मेयर और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के कार्यालय को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है. इतना ही नहीं, बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के आवास को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है. ई-मेल में शहर के प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर IED विस्फोट करने की चेतावनी भी दी गई है.
धमकी भरे ई-मेल में अगले 30 दिनों के भीतर मुंबई में ग्रेनेड हमले करने की बात कही गई है. इसके अलावा 27 नवंबर से 31 दिसंबर के बीच मेट्रो स्टेशनों को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है. एक साथ कई प्रमुख स्थानों और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को निशाना बनाने की धमकी सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है.
ई-मेल की जांच में जुटी पुलिस:
धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं. धमकी भरे ई-मेल की पड़ताल की जा रही है. ई-मेल किसने भेजा, इसके पीछे किसका हाथ है और धमकी कितनी गंभीर है, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
सार्वजनिक स्थानों को निशाना बनाने की चेतावनी:
धमकी में BMC कार्यालय, मेयर, अमिताभ बच्चन का आवास और मेट्रो स्टेशन जैसे अलग-अलग स्थानों का उल्लेख किया गया है. इससे सुरक्षा एजेंसियों के सामने चुनौती बढ़ गई है. फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही धमकी की वास्तविकता और इसके पीछे की मंशा स्पष्ट हो सकेगी.