22 साल बाद नगर पालिका कर्मचारियों का महाधिवेशन, CM भजनलाल शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत, देखिए खास रिपोर्ट

जयपुरः प्रदेश भर के 312 शहरी निकायों के कर्मचारियों के संगठन राजस्थान नगर पालिका कर्मचारी फैडरेशन का राजधानी स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में महाधिवेशन आयोजित किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जन सेवा में जुटने का नगर पालिका कर्मचारियों से आह्वान किया. 

करीब 22 साल बाद राजस्थान नगर पालिका कर्मचारी फैडरेशन के महाधिवेशन का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में प्रदेश भर के निकायों से आए कर्मचारी शामिल हुए. इस महाधिवेशन में कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर चर्चा की गई. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दी प्रज्ज्वलित कर इस कार्यक्रम का उदघाटन किया. यहां मौजूद कई कर्मचारियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि विकसित राजस्थान 2047 के संकल्प को पूरा करने में कार्मिकों की अहम भूमिका है. ईमानदारी और पारदर्शिता से किया गया कार्य ही सुशासन की पहचान बनता है. इसलिए जनता को समय पर सेवाएं देकर कार्य संस्कृति को मजबूत बनाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने आह्वान किया कि कार्मिक अपनी सेवा में पूर्ण शुचिता को अपनाएं और भ्रष्ट आचरण के दलदल से दूर रहकर जन सेवा के ध्येय को और अधिक मजबूत बनाएं.

भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की ओर से की जा रही सख्त कार्रवाई पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘न खाऊंगा और न खाने दूंगा’ के मूलमंत्र पर चलते हुए हमने 103 अधिकारियों को निलंबित किया है, 6 अफसरों को सेवा से बर्खास्त किया है और 11 भ्रष्ट अधिकारियों की आजीवन पेंशन पर रोक लगाई है. वहीं रिश्वत, ट्रैप, पद का दुरुपयोग, आय से अधिक संपत्ति प्रकरणों के 108 मामलों में अभियोजन स्वीकृति दी है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 17-ए के तहत 37 अन्य प्रकरणों में भी कठोर कार्रवाई की है. उन्होंने कहा कि कानून तोड़ने वालों को उनके अंजाम तक पहुंचाया जाएगा. कानून तोड़ने वाला गुंडा या तो राजस्थान में आएगा नहीं और आएगा तो फिर बच नहीं पाएगा .

शहरों में नगर पालिका कर्मचारियों की महती भूमिका बताते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि नगर पालिका का कर्मचारी वह है जो केंद्र और राज्य की योजनाओं को शहरी तंत्र में नीचे तक पहुंचाने का काम करता है. इसलिए वे इस कार्यक्रम में आए हैं.शहरी प्रशासन महत्वपूर्ण कड़ी है. आप लोगों तक योजनाओं को पहुंचाने का काम करते हैं तो आप उनका नेतृत्व करते हैं,नगर पालिका कर्मचारी दिन रात जनता की सेवा में जुटे रहते हैं
 किसी भी शहर की पहचान स्वच्छता होती है और नागरिकों की सुविधा होती हैं नगर पालिका कर्मचारी इसमें महत्वपूर्ण सहभागी है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कार्मिकों की समस्याओं का समाधान करना राज्य सरकार का काम है. जबकि जनता की समस्याओं का समाधान करना नगर पालिका कर्मचारी का कर्तव्य है. उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में जयपुर ग्रेटर नगर निगम ने पूरे देश में 16वां स्थान प्राप्त किया, वहीं 3 लाख से 10 लाख की आबादी वाले शहरों में उदयपुर 13वें स्थान पर रहा है. उन्होंने कहा कि हमें प्रदेश के शहरों को स्वच्छता में देश में अग्रणी बनाने के लक्ष्य के साथ काम करना है.

प्रदेश भर में चलाए जा रहे वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से देशभर में जल संचय-जनभागीदारी अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान को सशक्त बनाने के क्रम में राज्य में गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान संचालित किया जा रहा है. इसके साथ ही हमारी सरकार ने हरियालो राजस्थान अभियान में पांच वर्ष में 50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है. अभी तक प्रदेशभर में लगभग 20 करोड़ पौधे लगाए हैं और इस वर्ष भी 10 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है. इसके तहत प्रदेश में पहली बार चंदन वन भी विकसित किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सभी देशवासियों से ऊर्जा की बचत और मितव्ययिता को अपनाने का आह्वान किया है, जिसमें हम सभी अपना सहयोग दे रहे हैं. मुख्यमंत्री कहा कि राज्य सरकार तकनीक, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ आगे बढ़ते हुए स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहरों के निर्माण के लिए कार्य कर रही है. इसी दिशा में पेयजल, सीवरेज, ड्रेनेज तथा डिजिटल नगर सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है. अमृत 2.0 के तहत 11 हजार 560 करोड़ रुपये की राशि से राज्य के 200 शहरों और कस्बों में 363 परियोजनाओं पर काम हो रहा है. शहरी क्षेत्रों के लिए नई टाउनशिप नीति 2024 लागू की गई है. हमारा लक्ष्य है कि शहरों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ ही आधुनिक सफाई व्यवस्था और ठोस कचरा प्रबंधन सुदृढ़ हो.

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा  जब हम सरकार में आये तो हमने सबसे पहले राजस्थान के विकास का रोड मैप बनाया. राजस्थान के विकास के लिए जरूरी है जल की उपलब्धता, इसके लिए नदियों को जोड़ने का काम किया जा रहा है. विकास के लिए दूसरी आवश्यकता बिजली है. हमने वादा किया है कि वर्ष 2027 तक सभी किसानों और उद्योग को पूरी  बिजली देंगे. पहले हम बिजली खरीदने वाले राज्य थे लेकिन अब बिजली देने वाले राज्य बन रहे हैं. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कि कुछ लोग झूठ और लूट की राजनीति करते हैं. उनकी सरकार में 350 से ज्यादा पेपर हुए हैं, लेकिन एक भी पेपर लीक नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि चार लाख से ज्यादा युवाओं को नौकर देंगे.

कार्यक्रम की शुरूआत में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने फैडरेशन की ओर से प्रकाशित कर्मचारी कल्याण स्मारिका का विमोचन किया. कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि राजस्थान के मुख्यमंत्री भी किसान पुत्र है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किसानों के लिए जो काम किया है. वह अब तक किसी भी मुख्यमंत्री ने नहीं किया. भजनलाल शर्मा ने किसानों की किसान  सम्मान निधि में बढ़ोतरी की. राज्य सरकार की ओर से किसानों को 3000 रुपए इस निधि में दिए जा रहे हैं. पूरे देश में सबसे ज्यादा पौधे  राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में लगे हैं. राजस्थान को हरा भरा करने के लिए हरियालो  राजस्थान के नाम से अभियान चलाया गया है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की तारीफ करते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि जिस व्यक्ति ने संगठन में काम किया है,उससे बढ़िया मुख्यमंत्री कोई नहीं हो सकता है. विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यों से कुछ लोगों को तकलीफ भी हो रही है.

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है. जल प्रबंधन, ऊर्जा, युवाओं के हित, कर्मचारी कल्याण तथा आधारभूत संरचना के विकास जैसे क्षेत्रों में राज्य सरकार ने अनेक महत्वपूर्ण पहल की हैं. मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में प्रदेश ‘विकसित राजस्थान-2047’ के लक्ष्य की ओर दृढ़ता से अग्रसर है.    

कार्यक्रम की शुरूआत में फैडरेशन के अध्यक्ष भागचंद श्रीमाल,महासचिव मनमोहन शेखावत व अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया. स्वायत्त शासन सचिव रवि जैन ने धन्यवाद ज्ञापित किया.