जयपुरः राज्य सरकार ने एक बार फिर राजस्थान क्रिकेट संघ को एडहॉक कमेटी के हवाले कर दिया है. सहकारिता रजिस्ट्रार डॉ. समित शर्मा ने मौजूदा एडहॉक कमेटी का कार्यकाल तीन महीने बढ़ाने के आदेश जारी किए हैं. पिछले दो साल में 10वीं बार एडहॉक कमेटी का कार्यकाल बढ़ाया गया है. हालांकि एडहॉक कमेटी हर बाद चुनाव कराने में नाकाम रहती है.
राजस्थान क्रिकेट संघ की जनरल बॉडी को निर्विवाद संपन्न कराने के साथ ही एडहॉक कमेटी को अगले तीन महीने के लिए रिचार्ज कर दिया गया है. शुक्रवार देर रात रजिस्ट्रार सहकारिता ने मौजूदा एडहॉक कमेटी का कार्यकाल अगले तीन महीने के लिए बढ़ा दिया. सहकारिता रजिस्ट्रार डॉ. समित शर्मा के अनुसार अगर एडहॉक कमेटी का कार्यकाल नहीं बढ़ाया जाता, तो आरसीए में लीगल वैक्यूम की स्थिति पैदा हो सकती थी. इसी कारण कमेटी का कार्यकाल बढ़ाने का फैसला लिया गया है. एडहॉक कमेटी ने 24 जून को रजिस्ट्रार को पत्र लिखकर अपना कार्यकाल बढ़ाने की मांग की थी. कमेटी को हर कार्यकाल में आरसीए के चुनाव कराने का निर्देश दिया जाता है, लेकिन कमेटी हर बार ही चुनाव कराने में नाकाम रहती है. इस बार एडहॉक कमेटी ने चुनाव नहीं कराने के चार कारण बताए.
पहला कारण
पूर्ववर्ती RCA कार्यकारिणी के वित्तीय और प्रशासनिक मामलों की जांच अभी जारी है
दूसरा कारण
कई जिला क्रिकेट संघों से जुड़े विवादों की भी जांच चल रही है
जांच की सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद निष्पक्ष और नियमों के अनुरूप चुनाव कराए जाएंगे
तीसरा कारण
वर्तमान क्रिकेट सत्र के दौरान खिलाड़ियों के हितों को देखते हुए लगातार विभिन्न घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जा रहा है
चौथा कारण
कुछ अपरिहार्य और अप्रत्याशित परिस्थितियों के कारण चुनाव प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी नहीं हो सकी
मौजूदा एडहॉक कमेटी के पिछले तीन महीने की सबसे बड़ी सफलता यही रही कि इस बार किसी सदस्य में विवाद नहीं हुआ. इसी कारण सरकार ने भी कमेटी नहीं बदली और एडहॉक कमेटी कन्वीनर के रूप में एक बार फिर मोहित यादव को जिम्मेदारी सौंपी है. उनके साथ धनंजय सिंह, आशीष तिवाड़ी, सुशील जैन, अरिष्ट सिंघवी और अर्जुन बेनीवाल सदस्य के रूप में काम करेंगे. मार्च 2024 में राज्य सरकार ने RCA की तत्कालीन कार्यकारिणी को हटाकर तीन महीने के लिए एडहॉक कमेटी नियुक्त कर इस दौरान चुनाव कराने की जिम्मेदारी सौंपी थी. रजिस्ट्रार सहकारिता के आदेश में हर बाद उल्लेख किया जाता है कि कमेटी तीन महीने में चुनाव कराए, लेकिन अब तक किसी भी एडहॉक कमेटी चुनाव कराने के कोई प्रयास ही नहीं किए. अब भी निकट भविष्य में आरसीए के चुनाव होते नजर नहीं आ रहे.