Panchayat Election 2026: कौन बनेगा गांव का सरपंच, आज होगा तय ? दूसरे चरण में दोपहर 3 बजे तक 61.30% वोटिंग, बाड़मेर में सबसे ज्यादा वोटिंग

(प्रतीकात्मक तस्वीर)

(प्रतीकात्मक तस्वीर)

जयपुर: राजस्थान में पंचायती राज चुनाव-2026 के दूसरे चरण के तहत पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान जारी है. प्रदेश की 124 पंचायत समितियों में दोपहर 3 बजे तक औसतन 61.30 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की आवाजाही बनी हुई है. ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों में मतदान को लेकर उत्साह देखा जा रहा है. दोपहर 3 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक, बाड़मेर जिले में सर्वाधिक 74.95 प्रतिशत मतदान हुआ है. बीकानेर 72.23 प्रतिशत मतदान के साथ दूसरे स्थान पर है.

उदयपुर में 64.72 प्रतिशत, अलवर में 63.66 प्रतिशत और कोटपूतली-बहरोड़ में 62.86 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. वहीं, जयपुर में 60.57 प्रतिशत, अजमेर में 61.09 प्रतिशत और नागौर में 60.99 प्रतिशत मतदान हुआ है. जालोर में सबसे कम 51.04 प्रतिशत और पाली में 56.48 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. पंचायत समिति स्तर पर बाड़मेर की शिव पंचायत समिति में सर्वाधिक 77.42 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि पाली की देसूरी पंचायत समिति में 49.59 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.

जोधपुर में 68 प्रतिशत मतदान, सामराऊ सबसे आगे:
जोधपुर जिले में दोपहर 3 बजे तक करीब 68 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. जिले की 17 पंचायत समितियों में कुल 7 लाख 20 हजार 133 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं. जिले में कुल 10 लाख 58 हजार 975 मतदाता पंजीकृत हैं और 431 ग्राम पंचायतों में मतदान जारी है. सामराऊ पंचायत समिति में सर्वाधिक 74.90 प्रतिशत मतदान हुआ है. मंडोर में 72.90 प्रतिशत, उम्मेद नगर में 72.58 प्रतिशत, कापरड़ा में 71.49 प्रतिशत और हतुण्डी में 70.73 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. इसके अलावा तिंवरी में 70.17 प्रतिशत, बावड़ी में 69.20 प्रतिशत, ओसियां में 68.91 प्रतिशत, केरू में 68.40 प्रतिशत, भोपालगढ़ में 67.74 प्रतिशत और लूणी में 67.70 प्रतिशत मतदान हुआ है. पीपाड़ शहर में 66.70 प्रतिशत और सालवा खुर्द में 65.65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. जिले की 11 ग्राम पंचायतों में सरपंच निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं.

सिरोही में रेवदर पंचायत समिति में सर्वाधिक मतदान:
सिरोही जिले की चार पंचायत समितियों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है. दोपहर 3 बजे तक रेवदर पंचायत समिति में सर्वाधिक 58.84 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. पिंडवाड़ा में 57.23 प्रतिशत, भावरी में 56.95 प्रतिशत और सिरोही पंचायत समिति में 54.60 प्रतिशत मतदान हुआ है. चारों पंचायत समितियों में मतदान का प्रतिशत 54 से 59 फीसदी के बीच रहा.

नागौर में 64.64 प्रतिशत मतदान, मेड़ता रोड-गोटन सबसे आगे:
नागौर जिले की पांच पंचायत समितियों और मूंडवा की एक ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए मतदान जारी है. दोपहर 3 बजे तक जिले में कुल 64.64 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. मेड़ता रोड-गोटन पंचायत समिति में सर्वाधिक 66.55 प्रतिशत मतदान हुआ है. रियांबड़ी में 66.28 प्रतिशत, डेगाना में 64.57 प्रतिशत, मेड़ता सिटी में 64.49 प्रतिशत और भेरूंदा में 62.27 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. वहीं, मूंडवा की एक ग्राम पंचायत में 41.78 प्रतिशत मतदान हुआ है.

अजमेर के भिनाय में 62.81 प्रतिशत मतदान:
अजमेर जिले की भिनाय पंचायत समिति की 30 ग्राम पंचायतों में 116 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान जारी है. दोपहर 3 बजे तक यहां करीब 62.81 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जवान तैनात हैं.

अजीतगढ़ में 56.89 प्रतिशत मतदान, हथौरा का बूथ सबसे आगे:
अजीतगढ़ पंचायत समिति की 20 ग्राम पंचायतों में दोपहर 3 बजे तक 56.89 प्रतिशत मतदान हुआ है. कुल 95 हजार 103 मतदाताओं में से 54 हजार 102 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं.

हथौरा ग्राम पंचायत के कमरा नंबर 5 स्थित बूथ संख्या 73 पर सर्वाधिक 76.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. वहीं, देवराला के कमरा नंबर 5 स्थित बूथ संख्या 60 पर सबसे कम 39.10 प्रतिशत मतदान हुआ है. क्षेत्र के सभी 93 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान जारी है। मतदान के अंतिम घंटों में वोटिंग प्रतिशत बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद है.

अलवर में 63.55 प्रतिशत मतदान, उमरैण में सबसे ज्यादा वोटिंग:
अलवर जिले में दूसरे चरण के पंच-सरपंच चुनाव के तहत दोपहर 3 बजे तक 63.55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. जिले की पांच पंचायत समितियों में शांतिपूर्ण मतदान जारी है. उमरैण पंचायत समिति में सर्वाधिक 69.10 प्रतिशत मतदान हुआ है, जबकि राजगढ़ में सबसे कम 52.37 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. लक्ष्मणगढ़ में 65.78 प्रतिशत, थानागाजी में 65.63 प्रतिशत और मालाखेड़ा में 65.44 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है. 

दौसा में 60 प्रतिशत मतदान, मनोहरपुर-खेड़ला सबसे आगे: 
दौसा जिले की 141 ग्राम पंचायतों में पंच-सरपंच पदों के लिए मतदान जारी है. दोपहर 3 बजे तक जिले में करीब 60 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. मनोहरपुर-खेड़ला पंचायत समिति में सर्वाधिक 65.44 प्रतिशत मतदान हुआ है. महुवा में 60.23 प्रतिशत, बैजूपाड़ा में 59.76 प्रतिशत, बांदीकुई में 57.40 प्रतिशत, बसवा में 57.06 प्रतिशत और मंडावर में 56.12 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है.

सूरजगढ़ में 65.70 प्रतिशत मतदान, एक बूथ पर 88.25 प्रतिशत वोटिंग: 
सूरजगढ़ पंचायत समिति की 27 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है. दोपहर 3 बजे तक पंचायत समिति क्षेत्र में 65.70 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. उधमपुरा ग्राम पंचायत की रामरख की ढाणी स्थित बूथ संख्या 93 पर सर्वाधिक 88.25 प्रतिशत मतदान हुआ है. वहीं, लोटिया ग्राम पंचायत में सबसे कम 50.90 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. मतदान समाप्त होने के बाद अंतिम मतदान प्रतिशत और मतगणना से संबंधित आंकड़े सामने आएंगे.